तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

आंदोलन, क्रांति और भ्रांति

बांके बिहारी साव
21 नवम्बर 2026
हम इस बार मजाक के मूड में नहीं हैं, सो हमने चरित्तर चाचा की मंडली से कहने आया था कि वह इस बार गंभीरतापूर्वक विचार करें कि देश में आन्दोलन हो रहे हैं या क्रान्ति या फिर सत्ता पाने के लिए भ्रांतियां फैलायी जा रही हैं. मेरे सुझाव पर मनमोहिनी मुस्कुराते हुए बोली-
‘देखो भैया…! अभी देश उछल रहा है, तो पॉकेट में पड़ी रेजगारी आवाज करेगी ही. आप इस आवाज को आन्दोलन (Andolan) , क्रान्ति (Kranti) या भ्रांति (Bhranti) कोई भी नाम दें, इतना तो तय है कि लोगों के पास रेजगारी है और यह रेजगारी देशी भी हो सकती है और विदेशी भी.’
‘उछलते तो बंदर भी हैं?’
‘लेकिन, उसके पास रेजगारी नहीं होती.’
‘यह उछल-कूद बंदर वाली हो सकती है?’
‘हो सकती है.’
‘बंदरों के आंदोलन की एक कहानी सुनाऊं?’
‘आपके पास समय हो तो सुनाइये!’
‘समय ही समय है मनमोहिनी जी…! वैसे भी आप जैसी सुन्दर और सुघड़ नारी से वार्तालाप का मौका कहां मिलता है.’
मेरी बात पर मनमोहिनी जी थोड़ा लजाई और इशारे से अपनी अनुमति दे दी. फिर मैंने उन्हें बंदर आन्दोलन की कहानी सुनाई-
‘एक दार्शनिक थे च्वांगत्जे. वह चीन के थे. उनके गांव में एक सर्कस था. सर्कस के मैनेजर थे और उनके पास चार बंदर थे. वह इन चारो बंदरों से सर्कस में खेल दिखाते थे. बंदरों को रोज सुबह में चार और शाम में तीन रोटियां दी जाती थीं. एक दिन रोटी कम पड़ गयी तो मैनेजर ने बंदरों से आग्रह किया कि बंदरों आज सुबह में तीन रोटियां ले लो, शाम में चार दे देंगे. बंदरों को यह बर्दाश्त नहीं हुआ. मैनेजर ने उन्हें बहुत समझाया कि तुम्हें कुल रोटियां सात ही मिलेंगी. अंतर बस इतना है कि अभी तुम लोग तीन खा लो, शाम में चार रोटियां अवश्य मिल जायेंगी. लेकिन, वे नहीं मानें. बंदर तो आखिर बंदर हैं. बंदरों ने कहा कि मैनेजर साहब, फालतू बातें मत करो! हमें सुबह में चार चाहिये, तो चार ही चाहिये. हम सात की बात नहीं जानते. बंदर और मैनेजर में इसी बात पर बहस होती रही और उस दिन बंदरों के करतब वाला प्रोग्राम नहीं हुआ. दर्शक उदास मन से लौट गये.’
‘आपके कहने का मतलब?’
‘शायद इसी तरह का आन्दोलन देश में चल रहा है.’
अभी मनमोहिनी भौजी और मेरी बातचीत चल ही रही थी कि चरित्तर चाचा आ गये. उनके हाथों में झोला था. झोला मनमोहिनी को थमाते हुए बोले-
‘बेटी…, जरा परवल का मजेदार भुजिया बनाना लहसुन और प्याज देकर! बहुत दिनों से नहीं खाया है.’
‘ठीक है चाचा जी…!’ कहकर मनमोहिनी अंदर चली गयी, तो चाचा गमछी से मुंह पोछते हुए बोले-
‘क्या बातें हो रही थी?’
‘कुछ नहीं चाचा…! बस, मैं यह कहने आया था कि वह आपसे कहें कि इस बार आप देश में हो रहे आन्दोलनों पर जरा गंभीर चर्चा करें. क्योंकि आपके विचार बड़े सामयिक होते हैं.’
‘पहले तुम यह बताओ कि तुमने क्या-क्या बातें की?’
‘कुछ नहीं…, मैं भाभी को बंदरों वाले आन्दोलन की कहानी सुना रहा था.’
‘ओह…, च्वांगत्जे के बंदरों वाली कहानी?’
‘जी…!’
‘बुनियादी क्रांति तो व्यक्ति के जीवन में घटित होती है बेटा! इसलिए पतंजलि ने कहा है कि हमें उन सारे नियमों को मानकर चलना चाहिये जिसे समाज मान्यता देता है. यदि हम ऐसा नहीं करेंगे, तो व्यर्थ का कलह खड़ा हो जायेगा. समाज बड़ा है और तुम इसी कलह में नष्ट हो जाओगे. शायद यही कारण है कि विद्रोही व्यक्ति को न तो सत्य उपलब्ध हो पाता है और न ही शांति. ऐसा इसलिए होता है कि वह छोटी-छोटी बातों में उलझ रहा है. अगर बदलाहट हो भी जायेगी तो इतना ही फर्क पड़ेगा कि शाम को तीन और सुबह में चार रोटियां मिलेंगी. और कोई बदलाव होने वाला नहीं है. लेकिन, तुम्हारा जीवन खो जायेगा.’


‘चाचा…, आज के नेता इन बातों को क्यों नहीं समझते हैं?’
‘समझेंगे कैसे…? उनके आन्दोलनों की आत्मा सिर्फ सत्ता है.’
‘आखिर राजनीति भी तो लोग सत्ता के लिए ही करते हैं.’
‘तभी तो उनके आन्दोलनों से भ्रातियां फैलती हैं, क्रांति तो बहुत दूर की बात है.’
‘आखिर क्रांति हो तो कैसे? क्या जे पी की संपूर्ण क्रांति भी क्रांति नहीं थी?’
‘कोशिश थी, लेकिन वह क्रांति, क्रांति नहीं हो सकी. वही लोग, वही व्यवस्था और वही सियासती संघर्ष. हां…! इतना अवश्य हुआ कि वंशवाद को एक झटका मात्र लगा. क्योंकि जेपी के लोगों ने भी तो उसी वंशवाद (Vanshvaad) को अपना लिया.’
‘तब असली क्रांति क्या है चाचा?’
‘असली क्रांति वह है जो समाज कोे हृदय परिवर्तन के लिए वाध्य करता है. वह समाज के छोटे-मोटे नियमों में बदलाव की बात नहीं करता. उसका मूल उद्देश्य होता है आदमी के भीतर पल रहे दुर्गुणों को दूर करना.’
‘आज दुर्गुण तो कण-कण में पल रहा है. इसे दूर करना अब असंभव है. हम समाज के उन लुटेरों की भी इज्जत करते हैं जो हत्या, लूट और भ्रष्टाचार की बदौलत धन अर्जित कर सत्ता के गलियारे में तहलका मचा रहे हैं.’
‘यह जनता की आत्मा के कलुषित होने का परिणाम है.’
‘यह कैसे दूर होगा चाचा जी…!’
‘हमें एक बार फिर बुद्ध (Buddha) और महावीर (Mahavir) चाहिये जिन्होंने व्यक्ति की आत्मा बदलकर रख दी. इन दोनों से बड़ी क्रांति आज तक दुनिया में किसी ने नहीं की. लेकिन, उन्होंने समाज में कभी रूकावट पैदा नहीं की. जीसस ने समाज के छोटे-मोटे नियमों की खिलाफत कर दी, तो उन्हें सूली पर लटका दिया गया. शायद यही कारण है कि जीसस के अनुयायी उनकी प्रज्ञा से नहीं, उनकी सूली से प्रभावित हो गये और यही कारण है कि उनकी बुनियाद ही प्रभावित हो गयी और वह पॉलिटिकल (Political) हो गयी.’
‘और…?’
‘और क्या…? मोहम्मद साहब ने भी छोटी-छोटी बातों में बदलाव की कोशिश की. इसके लिए उन्हें चौबीसो घंटे तलवार लिये खड़ा रहना पड़ा. और यही कारण है कि उनके अनुयायी भी चौदह सौ वर्षों से तलवार लिये घूम रहे हैं. क्या बुद्ध और महावीर को सूली पर चढ़ाया गया?’
‘नहीं…!’
‘ऐसा इसलिए हुआ कि उन दोनों ने समाज को नहीं, उन्हें चलाने वालों को बदलने के लिए क्रांति की.’
‘क्या गांधी जी भी इसलिए…?’
‘हां…! उनका जो कद था उसके अनुसार उन्हें सत्ता और समाज की लड़ाई में नहीं पड़ना चाहिये था. यही छोटी-मोटी झंझटें उनकी मौत का कारण बन गयीं.’
‘वे झंझटें क्या थीं…?’
‘यह बताकर मैं स्वयं अपनी हत्या करवाना नहीं चाहूंगा.’
‘आपकी हत्या कौन करेगा चाचा…?’
‘जब समाज गिरता है बेटा, तो व्यक्ति का त्याग भी उसकी रक्षा नहीं कर पाता है.’
‘यह बात सच है चाचा…! एक बात और पूछूं चाचा…?’
‘पूछो…!’
‘आपके पास इतना ज्ञान (Knowledge) कहां से आता है?’
‘बेटा…, मैंने दो-दो असफल क्रांतियों में भाग लिया है. पहली थी आजादी की लड़ाई जो आज भी वंशवाद के हाथों की गुलाम ही बनी रह गयी और दूसरी थी जेपी की संपूर्ण क्रांति, जो भ्रष्टाचार, स्वार्थ और पुनः वंशवाद की लपेट में आ ही गयी.’
‘फिर बदलाव…!’
‘किसी अवतार का इंतजार करो जो सिर्फ देश के बारे में सोचे और जनता को भी देश के ही बारे में सोचने के लिए प्रेरित कर सके.’
अभी बातें कुछ देर और चलती, तब तक मनमोहिनी चाय और बिस्कुट लेकर आ गयी. अभी बेचारी बैठ भी नहीं पायी थी कि खखरू चाचा, लूटन चाचा और झगड़ू भैया भी आ गये. ऐसे में मनमोहिनी को चाय बनाने फिर भीतर जाना पड़ गया और बाहर हम इन्हीं बातों को लपेटते रहे.

बांके बिहारी साव बिहार के बहुचर्चित व्यंग्यकार एवं कहानीकार हैं.

tapmanlive