तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

Bihar सत्ता, शर्म और सजा : हो गया फिर‌ हरा… बालिका गृह कांड का जख्म

तापमान लाइव ब्यूरो
03 अगस्त 2026
Muzaffarpur : साल 2018… बिहार (Bihar) की राजनीति (Politics) का वह काला अध्याय, जिसे शायद ही कोई भूल पाया होगा. मुजफ्फरपुर बालिका गृह (Girls’ Home) में मासूम बच्चियों के यौन शोषण की भयावह कहानी सामने आयी तो पूरे देश में आक्रोश फैल गया. उस समय मंजू वर्मा (Manju Verma) समाज कल्याण विभाग (Social Welfare Department) की मंत्री थीं. राजनीतिक दबाव बढ़ा, विपक्ष हमलावर हुआ तब उन्हें इस्तीफा देना पड़ गया. इसके बाद सीबीआई (CBI) की जांच के तहत बेगूसराय (Begusarai) स्थित उनके आवास पर छापेमारी हुई. 50 कारतूस बरामद हुए. वही मामला आठ वर्ष बाद अदालत (Court) के फैसले तक पहुंचा. बेगूसराय के एमपी-एमएलए कोर्ट (MP-MLA Court) ने मंजू वर्मा और उनके पति चंद्रशेखर वर्मा (Chandrashekhar Verma) को आर्म्स एक्ट (Arms Act) के मामले में सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनायी. यह मामला केवल दो व्यक्तियों को सजा का नहीं है. यह बिहार की राजनीति के उस दौर का घिनौना रूप है, जिसमें सत्ता, प्रशासन और जवाबदेही तीनों कठघरे में थे.

मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड महज एक आपराधिक वारदात नहीं था. यह सरकारी निगरानी की विफलता, प्रशासनिक संवेदनहीनता और राजनीतिक जवाबदेही की परीक्षा थी जिसने बिहार की आत्मा को झकझोर दिया था. सवाल सिर्फ यह नहीं था कि बच्चियों के साथ अत्याचार कैसे और क्यों हुआ. सवाल यह भी था कि जिस विभाग की जिम्मेदारी उनकी सुरक्षा की थी, वह इस कदर विफल कैसे हो गया? मंजू वर्मा पर बालिका गृह कांड में दोष सिद्ध नहीं हुआ, लेकिन विभागीय मंत्री होने के नाते नैतिक जिम्मेदारी से वहा बच नहीं सकीं. यही कारण था कि उन्हें मंत्री का पद छोड़ना पड़ गया. कुछ समय के लिए जदयू से भी अलग रहना पड़ा.

बेगूसराय के एमपी-एमएलए कोर्ट ने जिस मामले में मंजू वर्मा और उनके पति चन्द्रशेखर वर्मा को सजा सुनायी है, वह आर्म्स एक्ट का है, लेकिन इसकी राजनीतिक गूंज कहीं अधिक तेज है. फैसला बताता है कि सत्ता का संरक्षण स्थायी नहीं होता. राजनीतिक प्रभाव न्यायिक प्रक्रिया को हमेशा प्रभावित नहीं कर सकता. देर भले हो, लेकिन कानून अपना रास्ता बना ही लेता है. इस पूरे घटनाक्रम का सबसे संवेदनशील पहलू यह है कि मंजू वर्मा जदयू की विधायक (MLA) थीं. बेगूसराय जिले के जिस चेरियावरियारपुर (Cheriyavariyarpur) विधानसभा क्षेत्र से वह निर्वाचित होती थीं वहां से अभी उनके पुत्र जदयू (JDU) के ही विधायक हैं. भारत के कानून में किसी व्यक्ति को उसके परिजन के अपराध के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाता. विधायक की राजनीतिक और कानूनी जिम्मेदारी अलग है. लेकिन, राजनीति में नैतिक और सार्वजनिक विमर्श केवल कानूनी दायरे तक सीमित नहीं रहता.

विपक्ष स्वाभाविक रूप से इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनायेगा और जदयू को नैतिक जवाबदेही के सवालों का सामना करना पड़ेगा. बहरहाल, न्यायालय (Court) ने अपना निर्णय दे दिया है. अब असली परीक्षा बिहार की राजनीति की है. राजनीतिक दल इस फैसले को केवल एक कानूनी मामला मानकर आगे बढ़ जायेंगे या इसे सार्वजनिक जीवन में नैतिक जवाबदेही का अवसर बनायेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा. मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड ने बिहार को शर्मिंदा किया था. आठ साल बाद आया यह फैसला याद दिलाता है कि अपराध का कानूनी हिसाब देर से हो सकता है, लेकिन लोकतंत्र में राजनीतिक और नैतिक हिसाब जनता समय-समय पर मांगती रहती है. यही कारण है कि यह फैसला सिर्फ एक सजा नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति के लिए एक चेतावनी भी है.

tapmanlive