तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

BIHAR : महीने भर का तमाशा … बीस करोड़ लगा पैंतीस करोड़ कमा लिया !

विशेष प्रतिनिधि
05 अक्तूबर 2026
Patna : मैडम सरकार (Government) की महत्वपूर्ण अंग हैं. पति-पत्नी दोनों मिल कर सरकार की सेवा करते हैं. सरकार में आने से पहले उनका पेशा इलाज करने का था. बड़ा ओहदा मिला, इसके बाद भी दोनों ने इलाज का धंधा नहीं छोड़ा. बल्कि जनसेवा को ही इलाज का नाम दे दिया. जाहिर है, इलाज (Treatment) मुफ्त नहीं होता है. इसके एवज में धन लेना भी गलत नहीं है. इसलिए दोनों डंके की चोट पर इलाज कर रहे हैं. सेवा शुल्क वसूल रहे हैं. झूठ या सच, कहने वाले तो यहां तक कह रहे हैं कि सरकार में शामिल होने के लिए उन्हें काफी धन खर्च करना पड़ा. कोई -कोई तो इसे बीस करोड़ से ऊपर बता रहा है.

ऊपर वाला देर करता है. अंधेर नहीं करता है. मैडम के साथ भी यही हुआ. मई में ओहदा मिला. जून में तबादले का मौसम आ गया. मैडम ने दिल खोलकर सेवा का वितरण किया. तबादला संकट से ग्रस्त चार सौ मरीज उनके संपर्क में आये. सबकी चाहत थी कि उन्हें वर्तमान की जगह कहीं और तैनात किया जाये. मैडम और उनके पति ने तबादलों की संभावना पर शोध किया. करीब साढ़े तीन सौ मरीज इलाज के लायक पाये गये. उन सबको अलग-अलग कंपाउंडर (Compounder) के पास भेजा गया. प्राय: हरेक प्रमंडलीय मुख्यालय में कंपाउंडर तैनात किये गये. मरीज की पेशी हुई. बीमारी की तजवीज हुई. कंपाउंडर ने इलाज का खर्च बताया. जो मरीज इसे बर्दाश्त करता था, खुशी-खुशी इलाज के लिए राजी हो गया. जिसे लगा कि इलाज महंगा है, उन्होंने घर का रास्ता पकड़ा.

अच्छी बात यह रही कि किसी मरीज पर तुरंत इलाज के खर्च के भुगतान के लिए दबाव नहीं बनाया गया. पेशगी ली गयी. बाकी भुगतान इलाज के बाद लिया गया. अब बदमाश लोग कह रहे हैं कि तबादले के एक ही मौसम में उनका पूरा खर्च ही नहीं निकला, बल्कि मुनाफा के रूप में भी अच्छी रकम आ गयी. साढ़े तीन सौ लोगों का इलाज हुआ. मरीज से औसत दस लाख लिया गया. यह हिसाब करीब पैंतीस करोड़ बैठा. मतलब महीने भर में पंद्रह करोड़ का शुद्ध लाभ. इसके अलावा विभाग से भी हर महीने बंधी-बंधाई रकम आ ही जा रही है. कुल मिलाकर सौदा चकाचक हो गया. मरीज भी प्रसन्न है कि उसे कहीं और पैरवी नहीं करनी पड़ी. सिंगल विंडो सिस्टम(Single Window System) से डायरेक्ट काम हो गया.

tapmanlive