तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

नब्ज के बदले जेब टटोल रहे हैं…

विशेष प्रतिनिधि
06 सितम्बर 2025
Patna : कौन कहता है कि जमाना नहीं बदला है. आंख खोल कर आसपास देखिये तो पता चलेगा कि जमाना बदला ही नहीं है. जरूरत से अधिक बदल गया है. इतना बदला है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी में ब्राह्मणों को भी दक्षिणा देना पड़ रहा है. वह भी सवा टका, ग्यारह और इक्कीस टका नहीं. लाख-करोड़ टका. इसे ऐसे समझिये कि जमाना इतना बदल गया है कि यजमान (yajaman) ही दक्षिणा की वसूली करने लगे हैं. सबको पता है कि पुरानी पार्टी में जान फूंकने के लिए युवराज (yuvaraj
) राष्ट्रव्यापी यज्ञ (Rashtravyapi yagy) कर रहे हैं. पूरे देश का भ्रमण कर रहे हैं. अगर उनके गणों को देखें तो लंका (Lanka) पर आक्रमण के समय रामजी (Ramji) की सेना का दर्शन होगा.

प्रभारी को नहीं पता

युवराज को बिहार (Bihar) के अपने पुराने नेताओं पर भरोसा नहीं है. इसलिए दूसरे राज्यों के भरोसेमंद लोगों को जनता की नब्ज पहचानने का जिम्मा दे दिया है. जिम्मेवारी तो अच्छी और इज्जत वाली है. लेकिन, माया का क्या कहिये, उनके एक प्रभारी जनता की नब्ज के बदले उम्मीदवारों की जेब टटोलने लगे हैं. पुरानी पार्टी तो पुरानी पार्टी है. एक से एक घाघ वहां घास छिलने के काम में लगे हुए हैं. बेचारे प्रभारी को नहीं पता. पार्टी की एक परम्परागत विधानसभा सीट (assembly seat) की रिपोर्ट बनाने की नौबत आयी. वहां के एक उम्मीदवार हैं. झा जी हैं. प्रभारी जी ने कहा कि टिकट देने का एकमेव निर्णय हमीं को लेना है. लिख देंगे, वही होगा. बताइये, आपके बारे में क्या लिखें?

लाख क्या, करोड़ में देंगे

उम्मीदवार (Candidate) ने कहा-नीक-नीक बात लिख दियऊ. प्रभारी समझ नहीं पाये. उन्हें अनुवाद कर बताया गया कि अच्छी-अच्छी बात लिख दीजिये. यह भी लिख दीजिये कि टिकट मिल जाये तो सिर्फ चुनाव की औपचारिकता बाकी रहेगी. जीत कर आयेंगे. प्रभारी जी ने आंख बंद किया. मानों अदृश्य शक्ति से संवाद चल रहा हो. आंखें खुली. मुंह से निकला-निकालिये. कम से कम 50 निकालिये. अभी नाम लिख कर रिकोमेंड कर देते हैं. उम्मीवार का उत्साह चरम पर चला गया…..50 नै 101 टका राखू. इतना कहते हुए उन्होंने जेब में हाथ डाला. वहां कोई हत्था नहीं था. फिर भी प्रभारी हत्थे से उखड़ गया….हम लाख बोल रहे हैं. ये टका में फंसे हुए हैं. एकदम से बांगड़ूं हैं क्या जी? उम्मीदवार ने तुरंत अपना बचाव किया. कहा कि लाख क्या करोड़ में देंगे? आप सिर्फ गारंटी कीजिये. अभी तक की सूचना यह है कि टका वहीं गिराने के लिए कहा था, जहां बहुत साल पहले कुछ ऐसा गिरा था कि लोग आज भी उसे गाना में याद कर रहे हैं.

#tapmanlive