तिरहुत प्रमंडल : पद संभालते ही कर दी कार्रवाई

तापमान लाइव ब्यूरो
02 जनवरी, 2026
Muzaffarpur : तिरहुत (Tirhut) प्रमंडल के नवपदस्थापित आयुक्त (Commissioner) गिरिवर दयाल सिंह ने शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में पदभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन (Subrata Kumar Sen), आयुक्त के सचिव संदीप शेखर प्रियदर्शी (Sandeep Shekhar Priyadarshi) सहित आयुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि तिरहुत प्रमंडल की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
आपसी समन्वय पर जोर
इसके लिए उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आपसी समन्वय, सक्रिय एवं तत्पर होकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया. कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन जरूरी है. उन्होंने लोक शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी और बेहतर बनाने पर बल देते हुए कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निपटारा नहीं हो, बल्कि उनका वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाना है. विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने हेतु सामूहिक एवं समन्वित प्रयास करने की जरूरत है.
सुधार की आवश्यकता
पदभार ग्रहण के बाद गिरिवर दयाल सिंह ने आयुक्त कार्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया. कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा जनसुविधाओं का अवलोकन किया. उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर व्यवस्था में और सुधार की आवश्यकता है. निरीक्षण के क्रम में आयुक्त कार्यालय में कई अधिकारी अनुपस्थित पाये गये. इसे गंभीरता से लेते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने तीन अधिकारियों कल्याण उपनिदेशक, सांख्यिकी उपनिदेशक और क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछा और वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया.
***

