ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय : इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल प्रतियोगिता

तापमान लाइव ब्यूरो
11 जनवरी 2026
Darbhanga: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा (LNMU, Darbhanga) के पीजी एथलेटिक्स एवं डा. एपीजे अब्दुल कलाम डब्ल्यूआईटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को चार दिवसीय इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल (Inter College Youth Festival) 2025-26 प्रतियोगिता ‘अनंतनाद’ का उद्घाटन समारोह कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ. मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डा. धर्मशिला गुप्ता, वित्तीय सलाहकार इन्द्र कुमार, संकायाध्यक्ष प्रो. एच के सिंह, प्रो. मंजू राय, प्रो. लावण्य कीर्ति सिंह ‘काव्या’, प्रो. शशिभूषण राय, दिल्ली से पधारे जूरी के सदस्य देवेन्द्र वर्मा, डीएसडब्ल्यू प्रो. अशोक कुमार मेहता, डब्ल्यूआईटी निदेशक-सह- आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. अजयनाथ झा (Ajaynath Jha), खेल पदाधिकारी डा.अमृत कुमार झा (Dr. Amrit Kumar Jha) तथा पीजी एथलेटिक्स के अध्यक्ष-सह-आयोजन सचिव डा. प्रियंका राय (Dr. Priyanka Rai) आदि उपस्थित थे.

प्रतिभा में निखार आयेगा
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति (Vice Chancellor) प्रो. संजय कुमार चौधरी (Prof. Sanjay Kumar Chaudhary) ने प्रतिभागियों को शुभकामना देते हुए कहा कि इस महोत्सव से छात्र-छात्राओं की प्रतिभा में निखार आयेगा. इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों के लिए ऑन स्पॉट वाद-विवाद प्रतियोगिता का हिन्दी (Hindi) एवं अंग्रेजी (English) में टॉपिक का निर्धारण किया. मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद डा. धर्मशिला गुप्ता (Dr. Dharamshila Gupta) ने कहा कि युवा अपने जज्बे, क्षमता एवं ऊर्जा के साथ निर्माण कार्य एवं परिवर्तन लाने की क्षमता रखते हैं. ये हमारे देश के कर्णधार एवं भविष्य हैं. सांसद ने बताया कि उन्होंने विश्वविद्यालय के डब्ल्यूआईटी को गोद लिया है. इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने का वह पूरा प्रयास करेंगी. अतिथियों का स्वागत पीजी एथलेटिक्स की अध्यक्ष डा. प्रियंका राय ने इस युवा महोत्सव के थीम ‘अनंतनाद’ को विस्तार से समझाते हुए कहा कि यह युवाओं के जीवन में सृजन, ऊर्जा एवं सफलता की चेतना का संचार करेगा. धन्यवाद ज्ञापन डब्ल्यूआईटी के निदेशक प्रो अजयनाथ झा ने किया. इस अवसर पर पीजी एथलेटिक्स की एक वर्ष की उपलब्धियां से युक्त कैलेंडर का विमोचन किया गया.
***

