आरसीपी सिंह : दर पर दीदार… तब भी करना होगा इंतजार!

आरसीपी सिंह की जदयू में वापसी की संभावनाओं पर तत्काल विराम लग गया है. आगे क्या होता है, यह जानने-समझने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ जा सकता है. वैसे, आरसीपी सिंह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुई मुलाकात को ‘आत्मीय’ बता गदगद हैं.
-
आकुल-व्याकुल हैं आरसीपी सिंह वापसी के लिए
-
आम मुलाकातियों के बीच रहे बीस मिनट
-
पहले से निर्धारित नहीं था शायद मुलाकात का समय
-
‘आत्मीय मुलाकात’ से गद्गद् हैं आरसीपी सिंह
विशेष संवाददाता
29 जून 2026
PATNA: कल क्या होगा… देवो न जानाति कुतो मनुष्यः… वर्तमान बताता है कि दरवाजे पर मत्था टेकने के बाद भी वापसी बहुत कठिन है. बात नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का फिर से सियासी सान्निध्य पाने की पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह (Rcp Singh) की आकुलता-व्याकुलता की है. संबद्ध तस्वीरें सार्वजनिक होने के बाद संदेह की गुंजाइश नहीं रह गयी कि मुलाकात-बात की लम्बी चाहत लिये आरसीपी सिंह शनिवार यानी 27 जून 2026 को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर गये. पूर्व से कोई समय निर्धारित था या नहीं, यह नहीं मालूम. समर्थकों के अनुनय-विनय पर आरसीपी सिंह को नीतीश कुमार के आवास में प्रवेश तो मिल गया, पर सीधे मुलाकात नहीं करा, सामान्य आगंतुक कक्ष में आम मुलाकातियों के बीच बैठा दिया गया.
कोई ठोस सबूत नहीं
मुलाकात का समय पूर्व से निर्धारित रहता, तो आवास पर पहुंचते ही मुलाकात भले नहीं होती, ससम्मान किसी विशिष्ट आगंतुक कक्ष में बैठाया जरूर जाता. लेकिन, वैसा नहीं हुआ. तस्वीरें बताती हैं कि सामान्य आगंतुक कक्ष में नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह में देखादेखी हुई. दोनों में मुलाकात-बात भी हुई, इस पर संशय है. सोशल मीडिया के एक तबके की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नीतीश कुमार से आरसीपी सिंह की सिर्फ मुलाकात ही नहीं, तकरीबन बीस मिनट तक बंद कमरे में बात भी हुई. हालांकि, इस दावे में बातचीत का कोई ठोस सबूत नहीं है. इससे अलग सोशल मीडिया (Socel Media) के ही दूसरे तबके की रिपोर्ट में कहा गया है कि आरसीपी सिंह ‘आगंतुक बरामदे’ में लगभग बीस मिनट तक आम मुलाकातियों के बीच बैठ इंतजार करते रहे.

देखे भी नहीं उनकी ओर
नीतीश कुमार ने सीधे तौर पर उनसे बातचीत नहीं की. घर के अंदर से निकले तो बरामदे में प्रतीक्षारत अन्य मुलाकातियों का अभिवादन उन्होंने स्वीकार किया, पर आरसीपी सिंह की ओर देखा भी नहीं. प्रदेश जदयू (JDU) के मुख्य प्रवक्ता विधान पार्षद नीरज कुमार का भी ऐसा ही कुछ कहना रहा. कहते हैं कि साथ गये नालंदा (Nalanda) जिला निवासी जदयू नेता विपिन यादव द्वारा नीतीश कुमार का ध्यान आरसीपी सिंह की तरफ खींचने के बाद भी उन्हें नजरंदाज कर दिया गया. सार्वजनिक हुई संबंधित तस्वीर से भी इसकी पुष्टि होती है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विपिन यादव दो-तीन दिन पहले नीतीश कुमार के आवास पर जा मुलाकात की पृष्ठभूमि बना आये थे. शनिवार को आरसीपी सिंह को संभवतः वही वहां ले गये थे. साथ में जदयू के कुछ कार्यकर्ता भी थे. वे सब नीतीश कुमार के समक्ष गिड़गिड़ा रहे थे, आरसीपी सिंह को उसी समय जदयू में वापसी पर जोर दे रहे थे. लेकिन, बात बनी नहीं.
यह भी पढ़ें:
तत्काल विराम लग गया
बहरहाल, वहां जो कुछ हुआ उससे आरसीपी सिंह की जदयू में वापसी की संभावनाओं पर तत्काल विराम लग गया है. आगे क्या होता है, यह जानने-समझने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ जा सकता है. वैसे, आरसीपी सिंह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुई मुलाकात को ‘आत्मीय’ बता गदगद हैं. लेकिन, उनके समर्थकों के तेवर कुछ और ही बयां कर रहे थे. वे खुले तौर पर आरोप उछालते दिखे कि नीतीश कुमार चाहते थे कि आरसीपी सिंह से बात हो, पर उनके बायें-दायें रहने वाले विधान पार्षद संजय गांधी (MLC Sanjay Gandhi) और ललन शर्राफ (Lalan Sharaf) ने ऐसा नहीं होने दिया.

