Bankipur By-Election : भाजपा ने चौंकाया… रोचक हो गया मुकाबला
अभिषेक बंटी पटना के आनंदपुरी मुहल्ला में रहते हैं. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं. विश्लेषकों के मुताबिक संभवतः इसी वजह से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की उनकी विरासत संभालने का अवसर उन्हें प्राप्त हुआ है.
तापमान लाइव ब्यूरो
07 जुलाई 2026
Patna: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (Prashant Kishore) को बांकीपुर (Bankipur) उपचुनाव में भाजपा (BJP) के सामान्य, पर सरल-सहज कार्यकर्ता से भिड़ना पड़ेगा. भाजपा नेतृत्व ने इस क्षेत्र से सांगठनिक अनुभव और युवा ऊर्जा पर भरोसा जता अभिषेक बंटी (Abhishek Bunty) के नाम से ज्यादा चर्चित अभिषेक कुमार (Abhishek Kumar) को अपना प्रत्याशी बनाया है. उसके इस फैसले से राजनीति एक बार फिर चौंक गयी. ठीक उसी तरह जैसे 2025 के विधानसभा चुनाव में पटना साहिब (Patna Sahib) से रत्नेश कुमार और कुम्हरार (Kumhrar) से संजय कुमार को उम्मीदवारी मिलने से चौंक गयी थी. वे दोनों भी भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्त्ता रहे हैं. उनकी उम्मीदवारी से भाजपा के कार्यकर्त्ताओं ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया था. इस बार भी वैसा ही कुछ है.
सांगठनिक जिम्मेवारियां
भारतीय जनता युवा मोर्चा (Bharatiya Janata Yuva Morcha) में लंबे समय से सक्रिय अभिषेक बंटी कायस्थ (Kayastha) समाज से हैं. वर्तमान में भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इससे पहले वह पटना जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे हैं. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा है. समर्पण और सक्रियता को देखते हुए उन्हें संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जाती रही हैं. भाजयुमो के कृष्णा मंडल (Krishna Mandal) के अध्यक्ष और महामंत्री तथा पाटलिपुत्र मंडल के मंत्री जैसे महत्वपूर्ण सांगठनिक दायित्वों का भी उन्होंने बखूबी निर्वहन किया है. एक समय में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में गौतम बुद्ध मंडल प्रभारी (Gautam Buddha Mandal In-charge) भी रहे हैं. कायस्थों की सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी बड़ी भूमिका रहा करती है.
राजद से रेखा गुप्ता
अभिषेक बंटी पटना के आनंदपुरी (Anandpuri) मुहल्ला में रहते हैं. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (BJP National President) नितिन नवीन (Nitin Navin) के करीबी माने जाते हैं. विश्लेषकों के मुताबिक संभवतः इसी वजह से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की उनकी विरासत संभालने का अवसर उन्हें प्राप्त हुआ है. उधर, राजद ने इस चुनाव में भी रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर ही विश्वास जताया है. वह 2025 के चुनाव में इस क्षेत्र से राजद (RJD) की उम्मीदवार थी. भाजपा प्रत्याशी नितिन नवीन से मात खा गयी थीं. नितिन नवीन बाद में राज्यसभा (Rajaysabha) के सदस्य निर्वाचित हो गये. उपचुनाव इसी वजह से हो रहा है.


