तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

FIFA World Cup 2026 : स्पेन का स्वर्णिम उदय, मेसी युग का अंत!

विश्व कप 2026 ने स्पष्ट कर दिया कि आधुनिक फुटबॉल में केवल सुपरस्टार खिलाड़ियों के भरोसे विश्व कप नहीं जीता जा सकता. मिडफील्ड नियंत्रण सबसे बड़ा हथियार बन चुका है. हाई प्रेसिंग और तेज ट्रांजिशन वाली टीमें अधिक सफल हो रही हैं. बेंच स्ट्रेंथ अब निर्णायक भूमिका निभा रही है.

– अब तक का सबसे बड़ा और लम्बा विश्व कप
– जीत स्पेन की रणनीतिक श्रेष्ठता हुई
– फ्रांस को पछाड़ इंग्लैण्ड तीसरे स्थान पर रहा
– रोद्री को गोल्डन बॉल और एम्बाप्पे को गोल्डन बूट

तापमान लाइव ब्यूरो
20 जुलाई 2026

New Delhi: विश्व कप फुटबॉल 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक रहा. फुटबॉल (Football) के बदलते दौर का यह प्रतीक बन गया. यह पहला विश्व कप (World Cup) था जिसमें 48 टीमों ने भाग लिया, 104 मैच खेले गये और प्रतियोगिता अमेरिका (United States), कनाडा (Canada) तथा मेक्सिको (Mexico) में संयुक्त रूप से आयोजित हुई. बड़ी बात यह भी कि फुटबॉल का भूगोल बदल देनेवाला यह अब तक का सबसे बड़ा और सबसे लंबा विश्व कप था. फाइनल मुकाबले में स्पेन (Spain) ने अर्जेंटीना (Argentina) को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर 16 वर्षों के बाद दूसरी बार विश्व कप जीता. इससे पहले इसने 2010 में विश्व कप जीता था. विजयी गोल खेल के 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने किया. यह जीत केवल एक मैच की नहीं, बल्कि स्पेन की पूरे टूर्नामेंट में दिखी उसकी रणनीतिक श्रेष्ठता की थी.

केवल एक गोल खाया

टूर्नामेंट में स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसका सामूहिक खेल, गेंद पर नियंत्रण, तेज प्रेसिंग और मजबूत रक्षा रही. इसी का परिणाम था कि उसने पूरे टूर्नामेंट (Tournament) में केवल एक गोल खाया. लगातार 38 मैचों में अपराजित रहने का रिकार्ड बनाया. फाइनल में लगभग 65 प्रतिशत गेंद पर नियंत्रण रखा. अर्जेंटीना के मुकाबले कई गुना अधिक आक्रमण किये और 20 शॉट लगाये. डिफेंडिंग चैंम्पियन (Defending Champion) अर्जेंटीना ने दूसरा फाइनल खेला. 39 वर्षीय लियोनेल मेसी (Lionel Messi) ने 08 गोल कर फिर साबित किया कि उम्र उनके खेल को रोक नहीं सकी. लेकिन, फाइनल में स्पेन की संगठित रणनीति के सामने अर्जेंटीना खुलकर नहीं खेल सका और अतिरिक्त समय में मिली हार ने लगातार दो विश्व कप जीतने का उसका सपना तोड़ दिया.

अर्जेंटीना को दबाव में रखा

अर्जेंटीना के पास अनुभव, लियोनेल मेसी और मजबूत आक्रमण था, लेकिन फाइनल में उसकी सबसे बड़ी कमजोरी मिडफील्ड पर नियंत्रण खोना रहा. निर्धारित समय के अंत में एंजो फर्नांडीज को लाल कार्ड (Red Card) दिखाया गया. परिणामस्वरूप अतिरिक्त समय में उसे 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. स्पेन ने चौड़ाई और तेज पासिंग से अर्जेंटीना की रक्षा पंक्ति को लगातार दबाव में रखा. विश्व कप फुटबॉल (Football World Cup) में पहली बार 48 टीमों का प्रारूप सफल रहा. इस प्रारूप को लेकर पहले आशंका थी कि मुकाबले एकतरफा होंगे, लेकिन वैसा नहीं हुआ. छोटे देशों जैसे केप वर्डे (Cape Verde), मोरक्को (Morocco), नार्वे (Narvey), पैराग्वे (Paragway) जैसी टीमों ने बड़े देशों को कड़ी चुनौती दी.

स्तर ऊंचा बना रहा

कुल 104 मैच होने के बावजूद प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा बना रहा. इससे यह स्पष्ट हुआ कि फुटबॉल का स्तर अब यूरोप (Europe) और दक्षिण अमेरिका (South America) तक सीमित नहीं है. रोद्री को गोल्डन बॉल (Golden Ball) मिला. किलियन एमबाप्पे गोल्डन बूट (Golden Boot) के विजेता बने. स्पेन के उनाई सिमोन को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर (Goalkeeper) का खिताब मिला. सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि विश्व कप 2026 ने स्पष्ट कर दिया कि आधुनिक फुटबॉल में केवल सुपरस्टार खिलाड़ियों के भरोसे विश्व कप नहीं जीता जा सकता. मिडफील्ड नियंत्रण सबसे बड़ा हथियार बन चुका है. हाई प्रेसिंग और तेज ट्रांजिशन वाली टीमें अधिक सफल हो रही हैं. बेंच स्ट्रेंथ अब निर्णायक भूमिका निभा रही है.

यूरोपीय फुटबॉल की वापसी

विश्व कप 2026 यूरोपीय फुटबॉल की वापसी का भी संकेत है. स्पेन ने 2024 यूरो कप और 2026 विश्व कप जीतकर दिखा दिया कि उसकी युवा पीढ़ी आने वाले वर्षों में विश्व फुटबॉल पर राज कर सकती है. दूसरी ओर अर्जेंटीना के लिए यह संभवतः लियोनेल मेसी के विश्व कप युग का अंतिम अध्याय रहा. इसने यह भी स्थापित किया कि विश्व फुटबॉल अब व्यक्तिगत सितारों के युग से आगे बढ़कर संगठित टीम, वैज्ञानिक तैयारी और सामरिक अनुशासन के युग में प्रवेश कर चुका है. स्पेन की जीत इसी बदलाव की सबसे बड़ी मिसाल है.

सबसे रोमांचक मैच

विश्व कप प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए मुकाबला अक्सर ‘सांत्वना मैच’ माना जाता है, लेकिन विश्व कप फुटबॉल 2026 में इंगलैंड और फ्रांस के बीच खेला गया मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में बदल गया. कुल 10 गोलों वाले इस मुकाबले ने साबित कर दिया कि कांस्य पदक के लिए भी टीमों में जीत की भूख कम नहीं होती. सेमीफाइनल (Semifinal) में अर्जेंटीना से हार के बाद थॉमस टुखेल की टीम दबाव में थी. लेकिन, तीसरे स्थान के मुकाबले में इंगलैंड ने पहले हाफ में ही आक्रामक फुटबॉल खेलते हुए 4-0 की बढ़त बना ली. बुकायो साका की हैट्रिक ने फ्रांस की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.

इंगलैंड को कांस्य

चार गोल से पिछड़ने के बावजूद फ्रांस ने दूसरे हाफ में जबरदस्त संघर्ष किया. किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल दागकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन शुरुआती रक्षात्मक गलतियों की भरपाई नहीं हो सकी. इंगलैंड 6-4 से जीत गया. सेमीफाइनल में दोनों टीमों की सबसे बड़ी कमजोरी गोल करने के अवसरों का उपयोग थी. लेकिन, इस मैच में दोनों ने खुलकर हमला किया. परिणामस्वरूप यह टूर्नामेंट का सर्वाधिक गोल वाला मुकाबला बन गया. सेमीफाइनल में अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाने वाले साका ने हैट्रिक (Hat-trick) लगाकर आलोचकों को जवाब दिया. यह प्रदर्शन उनके करियर के सबसे यादगार विश्व कप प्रदर्शनों में गिना जायेगा.

यह भी पढ़ें :

Lawrence Bishnoi Gang : आमिर खान को धमकाया! तीसरी शादी को ‘लव जिहाद’ बताया

साबित कर दिया

यह मुकाबला केवल तीसरे स्थान का नहीं था, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और भविष्य की दिशा तय करने का भी था. इंगलैंड ने साबित किया कि सेमीफाइनल की हार के बाद भी मजबूत वापसी की जा सकती है, जबकि फ्रांस को यह सीख मिली कि विश्व स्तरीय फुटबॉल (World-Class Football) में शुरुआती 30 मिनट की चूक पूरे मैच की कीमत बन जा सकती है. बहरहाल, विश्व कप 2026 का यह कांस्य मुकाबला वर्षों तक तीसरे स्थान के लिए ‘सबसे रोमांचक मैच’ के रूप में याद किया जायेगा.

***

#TapmanLive