Harihar Kshetra Sonepur : मान्यताओं में उलझा तथ्य… गज-ग्राह युद्ध कहां हुआ था ?

हरिहरक्षेत्र का विशिष्ट पौराणिक महत्व जनमानस में गहराई से रचा-बसा है. फिर भी, विभिन्न ग्रंथों में वर्णित भौगोलिक और ऐतिहासिक विविधताओं के कारण गज-ग्राह युद्ध के वास्तविक स्थल को लेकर ठोस पुरातात्विक और ऐतिहासिक शोध की जरूरत तो महसूस की ही जा रही है.
अवध किशोर शर्मा
22 नवम्बर 2026
Sonepur : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर(World-famous Harihar Kshetra, Sonpur) , हाजीपुर कौनहारा घाट मेला (Hajipur Konhara Ghat Fair) और इसके आसपास नारायणी तट (Narayani Tat) पर फैला संपूर्ण इलाका युगों से ‘श्रीगजेन्द्र मोक्ष स्थल’ (Shrigajendra Moksh Sthal) के रूप में विख्यात है. पर, प्रमुख धर्म ग्रंथों और पौराणिक साहित्य में गज और ग्राह के ऐतिहासिक युद्ध की कथा, उसके पात्र और युद्ध स्थल को लेकर अलग-अलग मान्यताएं हैं. ऐसे में उन तथ्यों और तिथियों के आधार पर इस युद्ध के प्रामाणिक स्थल का निर्धारण, इतिहासकारों और शोधकर्ताओं के लिए अब भी शोध का बहुत बड़ा विषय बना हुआ है. श्रीमद्भागवत पुराण (Srimad Bhagavata Purana) के अष्टम स्कंद में कहा गया है कि पूर्वजन्म के पाण्ड्यवंशी राजा इन्द्रद्युम्न (गजेन्द्र) और गंधर्व हूहू (ग्राह) के बीच यह युद्ध क्षीरसागर (Kshirsagar) स्थित त्रिकूट पर्वत (Trikut Mountain) की तराई के सरोवर में एक हजार वर्षों तक चला था. वहीं, आनंद रामायण (Ananda Ramayana) में इस त्रिकूट पर्वत की भौगोलिक स्थिति लंका के परिक्षेत्र में बतायी गयी है.
अलग-अलग हैं कई कथाएं
श्रीगर्ग संहिता के द्वारका खण्ड (नारद-बहुलाश्व संवाद) में वर्णित है कि कुबेर के शापित मंत्री पार्श्वमौलि (गज) और घण्टानाद (ग्राह) के बीच यह युद्ध ‘गोमती गंगा’ महानदी के पावन क्षेत्र में 55 वर्षों तक चला था. वराहपुराण में इससे बिल्कुल अलग कथा है. उसके अनुसार वेदनिधि ऋषि के दो पुत्रों जय और विजय ने धन के बंटवारे को लेकर आपसी विवाद में एक-दूसरे को गज और ग्राह बनने का शाप दिया था. इस पुराण के मुताबिक दोनो भाइयों के बीच युद्ध ‘गंडक के त्रिवेणी क्षेत्र’ में हुआ था. लेकिन, वामन पुराण (Vamana Purana) (अध्याय 19), स्कंद पुराण (वैष्णव खण्ड) और विष्णु पुराण में मुख्य रूप से राजा इन्द्रद्युम्न और गंधर्व हूहू के शाप, उनके एक हजार वर्षों के संघर्ष तथा भगवान विष्णु (Lord Vishnu) द्वारा सुदर्शन चक्र (Sudarshana Chakra) से ग्राह का उद्धार करने की कथा है.
यह भी पढ़ें :
समसामयिक संदेश
विष्णुधर्माेत्तर पुराण में गज और ग्राह को पूर्वजन्म में ‘हाहा’ और ‘हूहू’ नामक दो गंधर्व भाई बताया गया है, जिन्हें देवल ऋषि का शाप मिला था. वहीं महाभारत के आदि पर्व में ‘विभावसु’ और ‘सुप्रतीक’ नामक दो ऋषि भाइयों के धन विवाद और आपसी शाप से हाथी व कछुआ (ग्राह) बनने की एक समानांतर कथा मिलती है, जिनका अंत गरुड़ द्वारा किया गया था. संस्कृत और इतिहास के जानकारों का मानना है कि गज और ग्राह का युद्ध भले पौराणिक आख्यान हो, इसका दार्शनिक संदेश आज के समय में भी पूरी तरह वैज्ञानिक और समसामयिक है. गज और ग्राह वस्तुतः मानव मन के भीतर छिपी प्रवृत्तियों के प्रतीक हैं. भारतीय संस्कृति में हाथी को ऐरावत और श्रीगणेश का स्वरूप मानकर सम्मान दिया जाता है, किंतु उसे ‘जड़ बुद्धि’ का प्रतीक भी माना गया है.
शोध की जरूरत
यह कथा चेतावनी देती है कि जब किसी देश का शासन-प्रशासन और समाज अपने कर्तव्यों को भूलकर मदमस्त या जड़ बुद्धि हो जाता है, तब ‘ग्राह’ रूपी छिपे हुए शत्रु को सिर उठाने का अवसर मिल जाता है. वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में व्याप्त आतंकवाद और देश के भीतर पनपता उग्रवाद, जातिवाद व व्यक्तिवाद ऐसे ही भीषण खतरे के संकेत हैं. हरिहरक्षेत्र का विशिष्ट पौराणिक महत्व जनमानस में गहराई से रचा-बसा है. फिर भी, विभिन्न ग्रंथों में वर्णित भौगोलिक और ऐतिहासिक विविधताओं के कारण गज-ग्राह युद्ध के वास्तविक स्थल को लेकर ठोस पुरातात्विक और ऐतिहासिक शोध की जरूरत तो महसूस की ही जा रही है.
tapmanlive

