अस्मिता का उत्सव : ‘सम्राट घोषणा’ से मोहित मिथिला !

विद्यापति स्मृति पर्व समारोह में सरकार कै स्तर पर जिस उत्साह के साथ मैथिली भाषा और मिथिला की संस्कृति के उत्थान की बावत की संकल्पबद्ध चर्चा हुई, वह स्वागतयोग्य है. लेकिन, इस उत्साह को उपलब्धियों में बदलना अधिक महत्वपूर्ण है. इस मोर्चे पर सम्राट चौधरी कितना सफल होते हैं, देखना दिलचस्प होगा.
सांस्कृतिक विरासत को विस्तार
चार दशकों में हुआ ऐसा…
विस्फी में छह माह के अंदर स्मारक
सम्राट चौधरी को ‘मिथिला विभूति’ सम्मान
विजयशंकर पांडेय
24 नवम्बर 2026
Patna : मिथिला (Mithila) की माटी की अपनी एक अलग पहचान है. वहां की भाषा में मिठास है, लोकगीतों (Folk songs) में जीवन का दर्शन है और साहित्य में ऐसी समृद्ध परंपरा है, जिसने सदियों से भारतीय संस्कृति को विशिष्टता प्रदान कर रखी है. महाकवि विद्यापति ( vidyapati) उसी साहित्यिक-सांस्कृतिक विरासत के प्रतिमान हैं वह संस्कृत के विद्वान और मैथिली के कवि ही नहीं, मिथिला की सांस्कृतिक आत्मा हैं. उनके पदों में प्रेम है, भक्ति है, लोक चेतना है और उस समाज की संवेदनशीलता भी है, जिसने सदियों से अपनी भाषा और परंपरा को जीवंत बनाये रखा है. सात दशकों से अधिक समय से पटना में हर साल आयोजित होने वाला विद्यापति स्मृति पर्व समारोह इस सांस्कृतिक विरासत को विस्तार दे रहा है. यह सांस्कृतिक आयोजन भर नहीं है, मैथिली भाषा, साहित्य, लोकजीवन और मिथिला की अस्मिता का उत्सव भी है. आयोजन की 73 वर्षीय अटूट शृंखला में मैथिलों के भारी जुटान को उनके अपनी जड़ों, अपनी भाषा और अपनी पहचान से जुड़े रहने के सामूहिक प्रयास के रूप में माना और समझा जा सकता है.
इसलिए कुछ अधिक है महत्व
इस वर्ष विद्यापति स्मृति पर्व समारोह पटना के मिलर हाई स्कूल (Miller High School) मैदान में आयोजित हुआ. राजधानी की चर्चित सांस्कृतिक संस्था चेतना समिति (Chetna Samiti) के तत्वावधान में आयोजित समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री (Chief Minister) सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने 22 नवम्बर 2026 को किया. इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्र (Nitish Mishra) , प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी (Sanjay Sarawagi) , पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा (Vinod Narayan Jha) , चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानंद झा (Vivekanand Jha) आदि भी उनके साथ थे. इस बार के आयोजन का महत्व इसलिए कुछ अधिक है कि तकरीबन चार दशकों के दौरान एक अपवाद को छोड़ पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने विद्यापति स्मृति पर्व समारोह का उद्घाटन किया.
दूरी बनाये रखी लालू और राबड़ी ने
अतीत की बात करें तो सामाजिक न्याय की राजनीति के पन्द्रह वर्षीय दौर (1990 से 2005) में ‘मैथिलों यानी ब्राह्मणों का आयोजन’ मान तब के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद (Lalu Prasad) और राबड़ी देवी (Rabri Devi) ने इससे दूरी बनाये रखी. 2005 में राबड़ी देवी के बाद सत्ता में आये नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का रुख भी कमोबेश वैसा ही रहा. अपने दो दशकीय शासनकाल में सिर्फ एक बार 2018 में उन्होंने पटना के सिन्हा लाइब्रेरी (Sinha Library) परिसर में आयोजित विद्यापति स्मृति पर्व समारोह का उद्घाटन किया था. नीतीश कुमार के बाद बिहार की सत्ता संभाल रहे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने शासन के प्रथम वर्ष में ही न सिर्फ पटना में इस समारोह का उद्घाटन किया, बल्कि दरभंगा (Darbhanga) में भी अपनी उपस्थिति से मिथिलांचल (Mithilanchal) को अभिभूत कर दिया.
यह भी पढ़ें :
विद्यापति भवन में राजकीय समारोह
महत्वपूर्ण बात यह भी कि उनकी पहल पर पहली बार पटना के विद्यापति भवन में राजकीय समारोह हुआ. राज्यपाल (Governor) सैयद अता हसनैन (Syed Ata Hasnain) और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्र, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी आदि ने कवि कोकिल विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस बार के समारोह का महत्वपूर्ण राजनीतिक और सांस्कृतिक संदेश मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की दो घोषणाओं में सन्निहित है. चेतना समिति के समारोह में उन्होंने पटना में महाकवि की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की. मधुबनी (Madhubani) जिले के बिस्फी (Bisphi) में विद्यापति की जन्मस्थली पर निर्माणाधीन स्मारक को छह माह के अंदर पूरा कराने की बात कही.
‘बाबा विद्यापति’ के नाम पर…
दरभंगा में विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ’54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह’ में सम्राट चौधरी ने मिथिला क्षेत्र के सांस्कृतिक, शैक्षणिक और बुनियादी विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं की. इससे संपूर्ण मिथिलांचल मोहित है. इन घोषणाओं में दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि ‘बाबा विद्यापति’ के नाम पर रखा जाना भी शामिल है. सम्राट चौधरी ने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार एक महीने के अंदर इस आशय का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज देगी. ‘मिथिला विभूति पर्व समारोह’ में विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने सम्राट चौधरी को ‘मिथिला विभूति’ सम्मान से सम्मानित किया.
प्रतिमा को खंडित कर दिया.
विश्लेषकों की समझ में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरीकी ये घोषणाएं इसलिए महत्वपूर्ण हैं कि विद्यापति का सम्मान उनके नाम पर आयोजन करने भर से पूरा नहीं होता. उनकी जन्मस्थली, उनकी साहित्यिक-सांस्कृतिक विरासत और मैथिली भाषा के संरक्षण के लिए स्थायी संस्थागत व्यवस्था भी जरूरी है. इस दृष्टि से सम्राट चौधरी की पहल सर्वथा सराहनीय है. इस परिप्रेक्ष्य में कुछ अधिक कि मिथिला, मैथिली और मैथिलों से डाह रखने वाले असामाजिक तत्वों ने हाल में मधुबनी और दरभंगा जिलों में स्थापित महाकवि विद्यापति की प्रतिमा को खंडित कर दिया. मधुबनी जिले के रहिका (Rahika) प्रखंड के जीवछ चौक स्थित मुक्तिधाम आश्रम (Muktidham Ashram) के मुख्य द्वार पर लगी विद्यापति की प्रतिमा का सिर तोड़कर जीवछ नदी में फेंक दिया.
निश्चय ही सुकून मिला होगा
इससे पहले 15 सितंबर 2026 को दरभंगा जिले के जाले (jale) प्रखंड अंतर्गत मुरैठा (Muraitha) गांव स्थित विद्यापति चौक पर लगी प्रतिमा का सिर भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. इन घटनाओं से ब्यथित मिथिला वासियों को विद्यापति से संबंधित सम्राट चौधरी की उक्त सम्मानवर्द्धक घोषणाओं से निश्चय ही सुकून मिला होगा. बहरहाल, विद्यापति स्मृति पर्व समारोह में सरकार कै स्तर पर जिस उत्साह के साथ मैथिली भाषा और मिथिला की संस्कृति के उत्थान की बावत की संकल्पबद्ध चर्चा हुई, वह स्वागतयोग्य है. लेकिन, इस उत्साह को उपलब्धियों में बदलना अधिक महत्वपूर्ण है. इस मोर्चे पर सम्राट चौधरी कितना सफल होते हैं, देखना दिलचस्प होगा.

विजय शंकर पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं.
tapmanlive

