तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का सैलाब : बाबा हरिहरनाथ का दिव्य शाही स्नान

अवध किशोर शर्मा
24 नवम्बर 2026
Sonepur : विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र (Hariharkshetra) सोनपुर में कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima) के पावन अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम दिखा. सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि में 12 बजकर 15 मिनट पर बाबा हरिहरनाथ (Baba Hariharnath) का उप-विग्रह पारंपरिक गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नारायणी-गंडक (Narayani-Gandak) नदी में दिव्य शाही स्नान (Divya Shahi Snan) के लिए मंदिर परिसर से बाहर निकला. मंदिर के कपाट से बाबा का उप-विग्रह जैसे ही बाहर आया, पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा हरिहरनाथ’ के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा. शोभायात्रा के आगे-आगे ढोल-नगाड़े, शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना रही थी.

मंदिर के मुख्य पुजारियों आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री , पवन शास्त्री और आचार्यों की टोली द्वारा निरंतर किये जा रहे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच, पूर्ण विधि-विधान से बाबा हरिहरनाथ’ को सिर पर रख घाट की ओर ले जाया गया. इस अलौकिक क्षण का साक्षी बनने के लिए रात साढ़े ग्यारह बजे से ही सारण (Saran) के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन के साथ सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह मंदिर परिसर में मौजूद रहे और नारायणी नदी के काली घाट तक भगवान के उप-विग्रह के साथ दिव्य स्नान यात्रा में शामिल हुए. इस पावन स्नान के दर्शन हेतु हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा.

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान हरि (विष्णु) और भगवान हर (शिव) के इस पावन मिलन क्षेत्र में स्नान करने से समस्त पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है. परंपरा के अनुसार बाबा हरिहरनाथ के उप-विग्रह के दिव्य स्नान के उपरांत ही श्रद्धालुओं के लिए मुख्य पूर्णिमा स्नान का क्रम अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है. नदी तट पर संपन्न हुए स्नान और विशेष पूजा-अर्चना में मुख्य यजमान झुनझुन सिंह सपरिवार तथा जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार अत्यंत हर्षोल्लास के साथ सम्मिलित हुए. इसके पश्चात बाबा के विशेष शृंगार और भव्य आरती के बाद श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर के पट खोल दिये गये. इस संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान और शोभा यात्रा के दौरान बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला जी’ मध्य रात्रि से ही मौजूद रहे. उनकी देखरेख में सभी धार्मिक (Dharmik) एवं प्रशासनिक (Administrative) कार्य सुचारू रूप से संपन्न हुए.

Tapmanlive