तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

Khas Baat : राजनीति का दोहरा चरित्र !

अविनाश चन्द्र मिश्र
27 नवम्बर 2026
राजनीति (Politics) में अंतर्विरोध अब चौंकने-चौंकाने जैसी बात नहीं रह गयी है. लेकिन, यह अंतर्विरोध जब राष्ट्रीय आंदोलन की बुनियाद पर सवाल खड़ा करने लगे और नेतृत्व निःशब्द रहे, तो उसे राजनीति का ‘दोहरा चरित्र’ (Dohra Charitra) कहा जाता है. मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और मनमाने फैसलों के खिलाफ चलाये जा रहे आंदोलन के संदर्भ में ऐसा ही कुछ प्रतीत हो रहा है. कांग्रेस (Congress) का राष्ट्रीय नेतृत्व और लोकसभा (Lok Sabha) में नेता, प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) एसआईआर को ‘वोट चोरी’ का जरिया बता सड़कों पर मुट्ठियां लहरा रहे हैं, ‘लोकतंत्र बचाओ’ का नारा उछाल मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) से इस्तीफा मांग रहे हैं. जुलूस के रूप में राष्ट्रपति भवन (President’s House) और सर्वाेच्च अदालत (Supreme Court) का दरवाजा खटखटाने के बाद विपक्ष के तमाम नेताओं के साथ दिल्ली (Delhi) के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली भी कर चुके हैं. सरकार और निर्वाचन आयोग पर इन सबका प्रभाव कितना और किस रूप में पड़ा या पड़ सकता है, यह विवेचना का अलग विषय है. जहां तक ज्ञानेश कुमार की बात है तो वह पद पर बने हुए हैं, जंतर-मंतर (Jantar Mantar) के कथित शुरुआती अराजक हालात से सहम-सी-गयी सरकार अब सहज है.

राहुल गांधी का आरोप है कि निर्वाचन आयोग के एसआईआर से संबंधित मनमाने फैसलों के तहत सुनियोजित ढंग से विपक्षी दलों के समर्थक दलित, आदिवासी, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं. दूसरी तरफ निर्वाचन आयोग उनके आरोपों को तथ्यहीन मान रहा है. उसके मुताबिक 13 करोड़ वैसे नाम हटाये गये हैं जो मृत थे, फर्जी थे या जिनका एक से अधिक स्थानों पर नाम था और जो अन्यत्र कहीं बस गये हैं. ऐसा ही कुछ कांग्रेस शासित कर्नाटक (Karnataka) और केरल (Kerala) के मंत्री एवं दूसरे दिग्गज नेता कह रहे हैं. एसआईआर की प्रक्रिया को जायज बताते हुए निर्वाचन आयोग के कार्यकलापों की मुक्त कंठ सराहना कर रहे हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की पीठ थपथपा रहे हैं. बात पहले कर्नाटक की. राज्य के लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली (Satish Jarkiholi) ने सार्वजनिक बयान दिया कि कर्नाटक में की गयी एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह सही और पारदर्शी है. मतदाता सूची (Matdata Suchi) की विसंगतियों को दूर करना एक सकारात्मक कदम है. उन्होंने 99 लाख 32 हजार यानी लगभग 01 करोड़ नामों को मतदाता सूची से हटाये जाने का समर्थन करते हुए कहा कि ये सब फर्जी, मृत और डुप्लीकेट थे.

हालांकि, इस मुद्दे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय रुख को देखते हुए उन्होंने यह जरूर जोड़ दिया कि ‘वोट चोरी’ की समस्या कर्नाटक में नहीं, गैर कांग्रेस शासित राज्यों-पश्चिम बंगाल (West Bengal) , महाराष्ट्र (Maharashtra) और बिहार (Bihar) में है. एसआईआर की प्रक्रिया पर कांग्रेस में विरोधाभासी स्वर का यह कोई पहला मौका नहीं है. इससे पहले केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और गृह मंत्री रमेश चेन्निथला (Ramesh Chennithala) ने भी अपने राज्य में एसआईआर की प्रक्रिया की सराहना की थी. स्पष्ट कहा था कि इससे फर्जी वोटों को पकड़ने में मदद मिली थी. ऐसा नहीं होता, तो केरल में कांग्रेस सत्ता में नहीं आती. राहुल गांधी के एसआईआर विरोधी अभियान और उनके ही नेताओं के एसआईआर के समर्थन में बयान से आमजन यह सोचने पर मजबूर हैं कि अगर निर्वाचन आयोग की एसआईआर की प्रक्रिया संगठित ‘वोट चोरी’ है, तो वह कांग्रेस शासित कर्नाटक और केरल में ‘पवित्र प्रशासनिक सुधार’ कैसे हो जाती है? प्रशासनिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता क्या इस बात पर निर्भर करती है कि उस राज्य में सरकार किसकी है? कांग्रेस शासित राज्यों में करोड़ नाम कटते हैं, तो उसे ‘प्रशासनिक सुधार और शुद्धिकरण’ कहा जाता है. वही प्रक्रिया गैर कांग्रेस शासित राज्यों में होती है, तो उससे ‘लोकतंत्र की हत्या’ हो जाती है!

इन गंभीर सवालों से सत्तापक्ष को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस एवं उसके अभियान में शामिल अन्य दलों के ‘दोहरा चरित्र’ को उजागर करने का बड़ा मुद्दा मिल गया है. उसका सीधा तर्क है कि जो आंदोलन अपने ही मंत्रियों को वैचारिक रूप से एकजुट नहीं रख पा रहा है, उसकी राष्ट्रीय स्तर पर विश्वसनीयता क्या होगी? इस विरोधाभास से कांग्रेस नेतृत्व को सांप सूंघ गया है. आम जनता भ्रमित है. दिल्ली के रामलीला मैदान की तथाकथित महारैली (Maharaili) से पहले आये कांग्रेसी मंत्रियों के ऐसे बयानों ने राहुल गांधी को रक्षात्मक मुद्रा में ला दिया. इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि मतदाता सूची का पारदर्शी और समावेशी शुद्धिकरण बेहद जरूरी है और इसमें होने वाली किसी भी गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठना लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है. लेकिन, इस आवाज में जब राज्यों की सत्ता के हिसाब से विरोध के शब्द और स्वर बदलने लगे, तो जनता उसे राजनीति के दोहरे चरित्र के रूप में देखने लगती है. कांग्रेस शासित केरल और कर्नाटक के मंत्रियों के एसआईआर संबंधित बयानों के मद्देनजर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चलाये जा रहे विपक्ष के अभियान को वह उसी नजरिये से देख रही है.

अविनाश चन्द्र मिश्र समकालीन तापमान के संपादक हैं.

tapmanlive