तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

नया निजता कानून : मीडिया क्यों हलकान ?


तापमान लाइव ब्यूरो
27 नवम्बर 2026
New Delhi : भारत सरकार (Government of India) ने डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट: 2023 (Digital Personal Data Protection Act, 2023) लागू किया है. मकसद नागरिकों के निजी डेटा को सुरक्षित करना है. लेकिन, इस कानून (Law) के आते ही मीडिया जगत (Media Jagat) में कोहराम मच गया है. आखिर क्यों? कोहराम इसलिए मच गया है कि इसके तहत किसी भी व्यक्ति का निजी डेटा उसकी इजाजत के बिना इस्तेमाल या प्रकाशित नहीं किया जा सकता. अगर कोई इसका उल्लंघन करता है तो 250 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लग सकता है. सरकार का कहना है कि यह कानून नागरिकों को बड़ी टेक कंपनियों (Companies) से बचायेगा. मीडिया की बड़ी चिंता यह है कि अगर कोई पत्रकार (Journalist) भ्रष्टाचार या घोटाले की खबर में किसी नेता, नौकरशाह या व्यवसायी का नाम, फोटो या दस्तावेज प्रकाशित करता है, तो उसे पहले उस व्यक्ति से इजाजत लेनी पड़ेगी.

सामान्य समझ की बात है कि कोई भी आरोपी अपने खिलाफ प्रकाशन के लिए सहमति नहीं देगा. मीडिया संगठनों को डर है कि इससे स्टिंग ऑपरेशन (Sting operation) और खोजी पत्रकारिता के लिए मुश्किलें खड़ी हो जायेंगी. कोई पत्रकार या समाचार संगठन बिना सहमति के किसी के भ्रष्टाचार या घोटाले से संबंधित समाचार प्रकाशित करता है,तो इसे कानून का उल्लंघन माना जायेगा. अब तक पत्रकार सूचना के अधिकार से मिली जानकारी या सरकारी दस्तावेज के आधार पर खबरें बनाते थे. नये कानून में निजी डेटा की परिभाषा बहुत बड़ी है.

एडिटर्स गिल्ड (Editors Guild) का कहना है कि निजता (privacy) का उल्लंघन कह अधिकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगी गयी जानकारी देने से इनकार कर सकते हैं. ऐसे में पत्रकारों को खबरों के लिए गुप्त स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ जायेगा. वैसे, सरकार का कहना है कि कानून में पत्रकारिता के लिए छूट है. जो डेटा सार्वजनिक हित में है या जो पहले से पब्लिक डोमेन (public domain) में है, उस पर यह कानून लागू नहीं होगा. सवाल निजता और प्रेस की स्वतंत्रता के बीच संतुलन का है. क्या किसी भ्रष्ट नेता की निजता जनता के जानने के अधिकार से बड़ी है? इसका जवाब तो लोगों को चाहिए ही. बहरहाल, कानून 13 नवंबर 2025 से लागू है, लेकिन यह 13 मई 2027 से देश में पूरी तरह से बाध्यकारी हो जायेगा. मामला न्यायालय में विचाराधीन है.

tapmanlive