तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

Vidyapati Smriti Parv : ‘सीता हमर अस्मिता ’… जरूरत और अधिक शोध की

मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति का संगम
मिट्टी और संस्कृति से जोड़ने का संदेश
कवि सम्मेलन में कई की भागीदारी
मैथिली ठाकुर का भी हुआ गायन

विजयशंकर पांडेय
27 नवम्बर 2026
Patna : सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था के रूप में चेतना समिति (Chetna Samiti) का गठन 1954 में हुआ था. उद्देश्य मिथिला (Mithila) की भाषा, साहित्य, कला और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्द्धन करना है. राजधानी में रहने वाले मैथिलों को अपनी भाषा और संस्कृति से जोड़ने में चेतना समिति की बहुत ही सकारात्मक भूमिका रही है. यह हर साल पटना में विद्यापति स्मृति पर्व (Vidyapati Memorial Festival) समारोह आयोजित करती है. इस बार भी मिलर हाई स्कूल (Miller High School) के मैदान में तीन दिवसीय आयोजन हुआ. 22 नवम्बर 2026 को उद्घाटन हुआ और 24 नवम्बर 2026 को समापन. इस बार विशेषता यह रही कि मैथिली साहित्य केवल पुस्तकों और भाषणों तक सीमित नहीं रहा, गीत, संगीत, नृत्य, चित्रकला और लोकजीवन के माध्यम से भी सामने आया. समापन कार्यक्रम में मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति का अद्भुत संगम दिखा.

विद्यापति भवन में आयोजित समापन कार्यक्रम का उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय (Patna High Court) के न्यायाधीश चन्द्रशेखर झा (Chandrashekhar Jha) ने किया. साहित्यकार और गीतकार डा. बुद्धिनाथ मिश्र (Buddhinath Mishra) ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने हाल के दिनों में मिथिला में ही विद्यापति की प्रतिमा खंडित किये जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसका पुरजोर प्रतिरोध करने पर बल दिया. इंडियन बैंक (Indian Bank) के अंचल प्रबंधक अमन कुमार झा विशिष्ट अतिथि थे. डा. रत्नेश्वर मिश्र की अध्यक्षता और डा. रंगनाथ दिवाकर के संयोजन में ‘सीता हमर अस्मिता’ पर विचार गोष्ठी हुई जिसमें माता सीता (Mata Sita) पर और अधिक शोध की जरूरत पर जोर दिया गया.

समारोह में लोक गायिका मैथिली ठाकुर (Maithili Thakur) ने ‘पिया मोर बालक हम तरुणि…’ गीत गाकर दर्शकों- श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया. हेमंत मिश्र, पल्लवी झा, शालिनी प्रिया आदि की प्रस्तुतियों को भी लोगों ने सराहा. इस अवसर पर चेतना समिति के उपाध्यक्ष उमेश मिश्र के मैथिली गीतिकाव्य संग्रह ‘फेर एक बेर गाम’ का लोकार्पण हुआ. यह काव्य संग्रह युवा पीढ़ी को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जोड़ने का संदेश देता है. प्रसिद्ध साहित्यकारएवं गीतकार डा. बुद्धिनाथ मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कवि सम्मेलन में गणेश झा, डा. आभा झा, मुख्तार आलम, रामानंद मंडल, दीपिका चन्द्रा, आनंद मोहन झा, नमिता मिश्र आदि ने कविता पाठ किया. संचालन विपेन्द्र झा माधव ने किया.

समापन समारोह में डा. महेन्द्र नारायण राम को मैथिली भाषा साहित्य सम्मान, प्रो. देवशंकर नवीन को यात्री चेतना पुरस्कार, विकास वत्स लाभ को कीर्ति नारायण मिश्र साहित्य सम्मान, सत्येन्द्र कुमार झा को डा. गणपति मिश्र साहित्य सम्मान, दीपा मिश्रा को ज्योत्सना सम्मान, केशव झा भारद्वाज को डा. वासुकीनाथ झा साहित्यकार सम्मान, डा. निक्की प्रियदर्शिनी को डा. सुनीता झा साहित्यकार सम्मान, वैद्य गणपति नाथ झा को डा. देवकांत झा स्मृति सम्मान, प्रो. शैलेन्द्र मोहन झा को पुरातत्व विज्ञानी विजयकांत मिश्र सम्मान, अंजू दास को चेतना मिथिला लोक चित्रकला पुरस्कार और रूपा कुमारी को कामेश्वरी देवी मिथिला संस्कार गीत पुरस्कार प्रदान किया गया.

आयोजन के प्रथम दिन 22 नवम्बर 2026 को उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित पुस्तक एवं कला प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही. राज्यपाल (Governor) अता हसनैन (Ata Hasnain) की पत्नी सबीहा हसनैन (Sabiha Hasnain) ने इसका उद्घाटन किया. इसमें मैथिली गीतों के साथ झिझिया, जट-जटिन और विद्यापति के पदों पर आधारित भावनृत्य प्रस्तुत किये गये. गायक जय झा, डा. रंजना झा, अरुणीता झा, विजय कपूर और मुस्कान झा की मोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया. मिथिला की संस्कृति में झिझिया और जट-जटिन जैसे लोकनृत्यों की अपनी विशिष्ट पहचान है. वहीं विद्यापति के पदों में भक्ति, प्रेम, विरह और आध्यात्मिक अनुभूति का जो प्रवाह है वह मैथिली साहित्य की अमूल्य निधि है.

समारोह में पांच विभूतियों- प्रो.रामगुलाम मिश्र को संस्कृत भाषा एवं साहित्य, सुरेंद्र नारायण यादव को संगीत एवं रंगमंच, प्रो. सोनी झा को मिथिला चित्रकला एवं लोककला, डा. संत कुमार चौधरी को चेतना समाज सेवा तथा विवेकानंद ठाकुर को चेतना सेवी सम्मान से सम्मानित किया गया. समारोह के दूसरे दिन मिलर हाई स्कूल के मैदान में मिथिला की लोक संस्कृति जीवंत हो उठी. मैथिलों की मौजूदगी में मिथिला के पारंपरिक खान-पान, परिधान, गीत-संगीत और हस्तशिल्प कला की समृद्ध परंपरा की झलक दिखी. कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डा. दिलीप जायसवाल (Dr. Dilip Jaiswal) ने किया. भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह (Leshi Singh) और पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा (Vinod Narayan Jha) ने भी समारोह को संबोधित किया. अध्यक्षता चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानंद झा ने की. स्वागत भाषण सचिव जयदेव मिश्र, संचालन विवेकानंद ठाकुर और धन्यवाद ज्ञापन मंजू झा ने किया.

सास्कृतिक संध्या में कजरी (Kajari) और मैथिली (Maithili) गीतों की धूम रही. इंडियन आइडल फेम सौम्या मिश्रा ने ‘जनक किशोरी मोरी…’ और ‘चानन भेल विषम सर रे…’ तथा प्रिया झा ने ‘कमक भरल सिहर बसाते…’ एवं ‘सखि हे हमर दुखक नहि ओर…’ गाकर समां बांध दिया. शिवानी भट्ट, सुहानी भट्ट मुस्कान झा, कंचन झा, शालिनी प्रिया ने भी विद्यापति के गीतों की मिठास बिखेर दी. किशोर चौधरी के संयोजन और रविन्द्र बिहारी राजू के निर्देशन में मंचित नाटक ‘इज्जोत घरक अन्हार ने दर्शकों को गंभीर सामाजिक सवालों से रू-ब-रू कराया. इसमें नारी के अस्तित्व और उसके संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया. रश्मि सोनी, प्रीति झा शिव सिंह राजपूत आदि का अभिनय सराहनीय रहा. कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद ठाकुर, स्वागत भाषण जयदेव मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन मंजू झा ने किया.

विजय शंकर पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं.

tapmanlive