तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय : मिल गया नया कुलपति…

प्रशांत कुमार
06 जुलाई 2025
Patna : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की राजभवन (Raj Bhavan) में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान (Arif Mohammad Khan) से मुलाकात हुई. मुलाकात को लेकर राजनीति के साथ-साथ मीडिया के लोगों के भी कान खड़े हो गये. कहीं फिर पलटी तो नहीं ! बातें और भी कई तरह की हुईं. लेकिन, बहुचर्चित मुलाकात का परिणाम प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह (Prof. Upendra Prasad Singh) के पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (Patliputra University) , पटना के कुलपति के तौर पर पदस्थापना के रूप में सामने आया. प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने गुरुवार को ही कुलपति का प्रभार ग्रहण कर लिया. तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए हुई उनकी पदस्थापना उच्च शिक्षा के लिए बहुत सामान्य खबर है. लेकिन, राजनीति (Politics) करने वालों के लिए इसमें बहुत कुछ है.

सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही

प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह इसी विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई टीपीएस कॉलेज (TPS College) , पटना में प्रधानाचार्य थे. एक माह पूर्व 31 मई 2025 को सेवानिवृत हुए. वर्तमान में प्रो. तपन कुमार शांडिल्य (Prof. Tapan Kumar Shandilya) इस कालेज के प्रधानाचार्य हैं. प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह के कार्यकाल में टीपीएस कालेज ने शैक्षणिक और प्रशासनिक उंचाइयां पाया, इससे कोई इनकार नहीं कर सकता. लेकिन, उनके कार्यकाल की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि उनकी सेवानिवृति से एक माह 12 दिन पहले टी. पी. एस. कालेज परिसर में दो महत्वपूर्ण भवनों का शिलान्यास हुआ.

शिक्षा मंत्री से क्यों नहीं?

शिलान्यास ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार (Shravan Kumar) ने किया. विशिष्ट अतिथि के तौर पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलपति प्रो. शरद कुमार यादव (Prof. Sharad Kumar Yadav) की औपचारिक मौजूदगी रही. गौर करने वाली बात यहां यह है कि कालेज परिसर में भवनों का शिलान्यास शिक्षा मंत्री सुनील कुमार (Sunil Kumar) से नहीं कराया गया. इसके लिए प्रयास भी हुआ या नहीं, यह नहीं कहा जा सकता. शिलान्यास ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने किया. शिलान्यास के साथ ही दोनो भवनों का तेज गति से निर्माण भी शुरू हो गया.

माता-पिता के नाम पर

निर्माणाधीन एक भवन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वतंत्रता सेनानी पिता के नाम पर है …कविराज रामलखन सिंह बहुद्देश्यीय भवन (Ramalakhan singh Bahuddeshyeey Bhavan) . दूसरा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की माता के नाम पर है…परमेश्वरी देवी व्यावसायिक भवन (.Parmeshwari Devi Commercial Building) . दोनों का शिलान्यास एक ही दिन 19 अप्रैल 2025 को हुआ. राजनीति को यह मालूम था भी या नहीं, यह नहीं मालूम. सेवानिवृति के माह भर बाद ही प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह की कुलपति के रूप में हुई पदस्थापना के बाद इसकी चर्चा खूब होने लगी है.

शिष्टाचार मुलाकात

नीतीश कुमार के माता-पिता के नाम पर भवनों के निर्माण का प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह की पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में ही कुलपति के रूप में पदस्थापना से कोई संबंध है या नहीं, यह नहीं कहा जा सकता. पर, लोग इसे इस नजरिये से भी देख और समझ रहे हैं. जबकि इस रूप में उनकी पदस्थापना योग्यता- क्षमता व दक्षता के आधार पर मान्य नियम के अनुरूप हुई है. पदभार ग्रहण के बाद प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात भी की है.