तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

सुल्तानगंज-देवघर : गेरुआ वस्त्रधारियों से पट गया कांवरिया पथ

विजय कुमार राय
12 जुलाई 2025
Sultanganj : सावन (Sawan) शुरू होते ही सुल्तानगंज-देवघर कांवरिया पथ (Kanwariya Path) गेरुआ वस्त्रधारी कावंरियों से पट गया है. हर तरफ ‘बोल बम’ (Boll Bam) का नारा गुंजायमान है. श्रावण मास के प्रथम दिन शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं ने देवघर (Deoghar) में ज्योतिर्लिंग (Jyotirlinga) पर जलार्पण किया. उसी दिन सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा (Uttaravahini Ganga) के पावन तट पर मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और गंगा आरती के बीच श्रावणी मेला का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) एवं विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) तथा भागलपुर (Bhagalpur) के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सिंह (Santosh Kumar Singh) ने किया. इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह राजू (Raju Kumar Singh Raju) भी मौजूद थे. गंगाजल कलश पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के बाद सैंकड़ों श्रद्धालु ‘बोल बम’ का जयघोष करते देवघर में बारहवें ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक का संकल्प लिये तकरीबन सौ किलोमीटर लम्बी कांवर यात्रा पर पांव पैदल चल पड़े.

इस साल है विशेष इंतजाम

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुताबिक राज्य सरकार ने इस साल कांवर पथ पर सुल्तानगंज से बिहार की सीमा दुम्मा (Dumma) तक कांवरियों के लिए कुछ विशेष इंतजाम किया है. कांवरिया पथ पर चार टेंट सिटी (Tent city) बनायी गयी है. बांका (Banka) जिले के अबरखा (Abarkha) में छह सौ बेड की टेंट सिटी बनायी गयी है. खैरा, धोबई और सुल्तानगंज में दो-दो सौ बेड की टेंट सिटी बनायी गयी है. टेंट सिटी में बिजली, शौचालय, स्नानघर, पेयजल, सुरक्षा, सीसीटीवी,पंखा,कूलर, टेबुल-कुर्सियां जैसी तमाम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं. बांस से बने विशेष कांवर स्टैंड भी हैं. अबरखा टेंट सिटी में सांस्कृतिक मंच, आध्यात्मिक कार्यक्रम और सूचना केन्द्र की भी व्यवस्था की गयी है.

झारखंड में उद्घाटन

सुल्तानगंज में उद्घाटन से एक दिन पहले गुरुवार को महादेव की नगरी देवघर में झारखंड (Jharkhand) सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार (Sudivya Kumar), ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह (Deepika Pandey Singh) , उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव (Sanjay Prasad Yadav) , देवघर के विधायक सुरेश पासवान (Suresh Paswan) , सारठ के विधायक उदयशंकर सिंह (Udayshankar Singh) और जरमुण्डी के विधायक देवेन्द्र कुंवर (Devendra Kunwar) ने संयुक्त रूप से श्रावणी मेला-2025 का उद्घाटन किया. इस दौरान बिहार और झारखण्ड (Bihar and Jharkhand) की सीमा पर स्थित दुम्मा कांवरिया पथ में विधि-विधान पूर्वक 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा बाबा बैद्यनाथ (Baba Baidyanath) की पूजा के साथ इसकी शुरुआत हुई.

सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था

उद्घाटन समारोह में देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा (Naman Priyesh Lakada) ने जानकारी दी कि 11 जुलाई से 09 अगस्त तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में जिला प्रशासन द्वारा सुलभ एवं सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था की गयी है. उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुख-सुविधा और सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जायेगा, ताकि बाबा बैद्यनाथ की नगरी से श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटें . मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नयी तकनीकी का उपयोग किया जा रहा है. देवघर के उप विकास आयुक्त पियुष सिन्हा (Piyush Sinha) ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग, देवघर जिला परिषद की अध्यक्ष किरण कुमारी, नगर आयुक्त रोहित कुमार सिन्हा (Rohit Kumar Sinha) , अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार (Ravi Kumar) आदि की उपस्थिति रही.

#tapmanlive