सीतामढ़ी : दिलीप राय…बनी हुई है संभावना जदयू में…

कोमल शाही
14 सितम्बर 2025
Sursand (Sitamarhi) : सियासत में शिगूफाबाजी खूब होती है. खासकर चुनाव काल में तो और अधिक. विधानसभा का 2025 का चुनाव करीब आ गया है. सोशल मीडिया (Social Media) में शिगूफों का कोई आर पार नजर नहीं आ रहा है. कल क्या होगा, यह वक्त के गर्भ में है, फिलहाल इसे सियासी शिगूफा ही माना और कहा जायेगा कि दिलीप राय (Dilip Rai) को इस बार विश्राम मिल जायेगा. दिलीप राय सुरसंड से जदयू (JDU) के विधायक हैं. सोशल मीडिया में यह बात फैलायी जा रही है कि 2025 के चुनाव में उनका पत्ता साफ हो जायेगा. लेकिन, ऐसा क्यों होगा, इसका कोई ठोस तर्क नहीं रखा जा रहा है. विश्लेषकों की मानें तो कोई ठोस तर्क है ही नहीं तो रखा क्या जायेगा!
राजनीति ने देखा…
जिस प्रकरण को लेकर ऐसी बातें फैलायी जा रही हैं उसका करीब-करीब पटाक्षेप हो चुका है. जब ऐसे दूसरे विधायकों के लिए वह कोई मुद्दा नहीं रह गया है, तो दिलीप राय पर भी तो वही लागू होता है. वैसे भी सज्जनता, विनम्रता एवं लोकप्रियता के मामले में सीतामढ़ी जिले के किसी भी नेता से वह कमतर नहीं हैं तो फिर बेदखली का सवाल कहां रह जाता है. वह चुनावी कूट कौशल में भी सक्षम-समर्थ हैं. राजनीति ने देखा कि कुछ साल पूर्व विधान परिषद (Vidhan Parishad) के सीतामढ़ी-शिवहर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र (Sitamarhi-Shivhar Local Authority Constituency) के चुनाव में उन्होंने धुरंधर माने जाने वाले प्रतिद्वंद्वियों को बड़ी आसानी से पछाड़ दिया. अखाड़े में प्रतिद्वंद्वियों को कैसे चित किया जाता है, विपक्ष को बखूबी समझा दिया.
फहरा दिया परचम
उस वक्त वह राजद समर्थित उम्मीदवार थे. बाद में केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (Rajiv Ranjan Singh alias Lallan Singh) की पहल पर जदयू से जुड़ गये. अकेले नहीं, अपने तमाम समर्थकों के साथ. फिर सरकार को मजबूत करने में सहायक बन गये. उस सहयोग के पुरस्कार स्वरूप जदयू ने 2020 में उन्हें सुरसंड से उम्मीदवार बना दिया. दिलीप राय ने सफलता का परचम सुरसंड में भी फहरा दिया. इन सबके मद्देनजर यह माना जा सकता है कि किसी विवशता की वजह से सुरसंड से भले न सही,रुन्नीसैदपुर (Runnisaidpur) से दिलीप राय की जदयू की उम्मीदवारी और जीत की संभावना बनी हुई है. वैसे, उनकी लोकप्रियता का लाभ उठाने के लिए ज्यादा संभावना उन्हें सुरसंड से ही उम्मीदवार बनाये जाने की है.
#tapmanlive

