मेजरगंज : कार्यकर्ताओं की दरकार, चाहिये राजद का उम्मीदवार…

कोमल शाही
24 सितम्बर 2025
सीतामढ़ी : गौरीशंकर नागदंश अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित मेजरगंज विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते थे. दो बार विधायक निर्वाचित हुए थे-1990 और 2000 में. 2008 के परिसीमन में मेजरगंज विधान सभा क्षेत्र विलोपित हो गया. उसके एवज में बथनाहा अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हो गया. उस परिसीमन के बाद बथनाहा में तीन चुनाव हुए. तीनों में भाजपा की जीत हुई. 2020 में अनिल कुमार निर्वाचित हुए. महागठबंधन में यह सीट कांग्रेस के हिस्से में थी. उम्मीदवारी संजय राम को मिली. भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार को मिले 92 हजार 648 मतों के मुकाबले उन्हें 45 हजार 830 मत ही मिल पाये. 46 हजार 818 मतों के अंतर से उनकी हार हुई. यानी जितने मत मिले थे उससे अधिक मतों के अंतर से मात खा गये.
तब मात खा जायेगी भाजपा
2015 में भी यह सीट कांग्रेस के कोटे में थी. सुरेन्द्र राम उम्मीदवार थे. भाजपा ने उनका भी दम निकाल दिया था. 2010 में राजद और लोजपा में चुनावी तालमेल था. बथनाहा लोजपा के हिस्से में गयी थी. वह भी भाजपा को रोक नहीं पायी थी. बदले स्वरूप वाले बथनाहा में राजद कभी मैदान में नहीं उतरा. पार्टी के स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के एक बड़े हिस्से का मानना है कि इस वजह से ही भाजपा की लगातार आसान जीत हो जा रही है. ऐसे नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की समझ है कि 2025 के चुनाव में राजद बथनाहा को अपने हिस्से में रख अपना उम्मीदवार उतारे तो भाजपा को मुंह की खानी पड़ जा सकती है.
उनके दावे में है दम
इसी समझ के साथ आकाश कुमार पासवान ने राजद नेतृत्व के समक्ष जोरदार तरीके से अपनी दावेदारी पेश कर रखी है. राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और राजद के अघोषित सुप्रीमो तेजस्वी प्रसाद यादव से मुलाकात कर उन्होंने उनका आशीर्वाद मांगा है. बथनाहा से राजद में दावेदार और भी हैं, पर आकाश कुमार पासवान की दावेदारी में दम इस वजह से कुछ अधिक है कि वह पूर्व विधायक गौरीशंकर नागदंश के पुत्र हैं. उस गौरीशंकर नागदंश के जिनका जीवन जनता की सेवा में समर्पित रहा.
संवार रहे संभावना
पिता के प्रभावशाली व्यक्तित्व को आधार बना आकाश कुमार पासवान बथनाहा में जन-सम्पर्क अभियान चला संभावना संवार रहे हैं. लोगों की सहानभूति बटोर रहें है. क्षेत्र की चुनावी राजनीति की जानकारी रखने वालों के मुताबिक राजद नेतृत्व दिवंगत पूर्व विधायक गौरीशंकर नागदंश के युवा संस्कारी पुत्र आकाश कुमार पासवान को अवसर उपलब्ध कराता है तो बथनाहा में भाजपा का खूंटा उखड़ जा सकता है. वैसे, पार्टी में सक्षम-समर्थ और भी कई दावेदार हैं.

