तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

पूर्णिया : इस बार लगा रही कांग्रेस पूरा दम

अशोक कुमार
10 अक्तूबर 2025

Purnea : पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र (Purnia Assembly Constituency) में एक अदद जीत के लिए कांग्रेस (Congress) तकरीबन 55 वर्षों से तरस रही है. पहले की बात छोड़ दीजिये, इधर महागठबंधन (Mahagathbandhan) में यह सीट कांग्रेस के हिस्से में रहती है. पर उम्मीदवार कमजोर रहने की वजह से मुसलमानों का संपूर्ण साथ मिलने के बाद भी कामयाबी नहीं मिल पाती है. कांग्रेस 2025 के चुनाव में इस अभिशाप से मुक्त होने की पूरजोर कोशिश कर रही है. पूर्व की तरह पूर्णिया की सीट उसके हिस्से में गयी, तो इस बार ऐसे लड़ाके को मैदान में उतारने की तैयारी कर रखी है जिसमें 25 वर्षों से काबिज भाजपा (BJP) के दांत खट्टे कर देने के दम खम दिख रहा है. कांग्रेस नेतृत्व की नजर जिन कुछ दावेदारों पर जमी है उनमें एक कुमार दिवाकर सिंह यादव (Kumar Diwakar Singh Yadav) भी हैं.

विश्लेषकों के मुताबिक कुमार दिवाकर सिंह यादव की दावेदारी में दम इस वजह से भी कुछ अधिक है कि मुस्लिम मतदाताओं (Muslim Voters) के बीच भी उन्होंने अपनी अच्छी पैठ जमा रखी है. उनके करीब के लोगों का कहना है कि यादव और मुस्लिम ही नहीं, अत्यंत पिछड़ा वर्ग भी उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में है. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि क्षेत्रीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव (Pappu Yadav) भी चाहते हैं कि महागठबंधन में पूर्णिया की सीट कांग्रेस के हिस्से में रहे और उम्मीदवारी कुमार दिवाकर सिंह यादव को मिले. कहते हैं कि पप्पू यादव सिर्फ चाहते ही नहीं हैं, इसके लिए अपने तई जोर भी लगा रहे हैं.

पप्पू यादव का लक्ष्य भाजपा को धूल चटाना है और इसके लिए वह कुमार दिवाकर सिंह यादव को सक्षम-समर्थ मानते हैं. ऐसा कुमार दिवाकर सिंह यादव के समर्थकों का मानना है. कुमार दिवाकर सिंह यादव का भी कहना है कि ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि उम्मीदवारी घोषित होने से पहले ही मतदाता स्थानीय संभावित उम्मीदवार के पक्ष में गोलबंद दिख रहे हैं. इससे उनके हौसले बुलंद हैं.

तब कूद जायेंगी निर्दलीय

गौर करने वाली बात है कि कुमार दिवाकर सिंह यादव कहीं बाहर से आकर पूर्णिया में नहीं बसे हैं, खांटी मूलवासी हैं. उनके पिता सुरेश यादव पूर्णिया के मधुबनी बाजार क्षेत्र से कई बार वार्ड आयुक्त (Ward Commissioner) निर्वाचित हुए हैं. कुमार दिवाकर सिंह यादव के समर्थन में राजद (RJD) महिला प्रकोष्ठ (Women’s Cell) की प्रदेश सचिव कनीज फातमा उर्फ चांदनी (Kaneez Fatima alias Chandni) भी हैं. वैसे, वह खुद राजद में दावेदार हैं. उनका कहना है कि उनकी दावेदारी नहीं मानी गयी तो कांग्रेस में उम्मीदवारी कुमार दिवाकर सिंह यादव को मिलनी चाहिए. ऐसी चर्चा है कि कुमार दिवाकर सिंह यादव को कांग्रेस की उम्मीदवारी नहीं मिली तो पूर्णिया नगर निगम (Purnia Municipal Corporation) के उपमहापौर पद का चुनाव लड़ चुकी कनीज फातमा उर्फ चांदनी इस चुनाव में निर्दलीय (Independent) मैदान में कूद जा सकती हैं.

कांग्रेस में दूसरे मजबूत दावेदार पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी (Mayor Vibha Kumari) के पति जितेन्द्र यादव (Jitendra Yadav) हैं. हाल फिलहाल तक वह जदयू में थे. वहां संभावना नहीं देख कांग्रेस में शामिल हुए हैं. इसके बावजूद उनकी दावेदारी में दम दिख रहा है. पिछले तीन चुनावों में कांग्रेस की उम्मीदवार रही पूर्णिया जिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष इंदू सिन्हा (Indu Sinha) ने इस बार भी उम्मीदवारी की उम्मीद बांध रखी हैं.