तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

ज्योतिष शास्त्र : काजल… खोल देता है तरक्की का द्वार!

तापमान लाइव ब्यूरो
07 दिसम्बर 2025

New Delhi : आम समझ में काजल (Kajal) श्रृंगार की वस्तु है. आंखों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है. पर, लोगों को बुरी नजर से भी यह बचाता है. सिर्फ आदमी को ही नहीं, धन-सम्पत्ति, माल-जाल, परिवार और व्यापार पर भी अगर किसी की नजर लग जाती है, तो काजल के छोटे-छोटे प्रयोगों से उसके दुष्प्रभाव से बचा जा सकता है. शास्त्रों में काजल को धन और समृद्धि का प्रतीक बताया गया है. ऐसी मान्यता है कि काजल लगाने से धन और अन्न का भंडार हमेशा भरा रहता है. ज्योतिष शास्त्र (Astrology) का मानना है कि काजल से ग्रहों के बुरे प्रभावों से भी मुक्ति पायी जा सकती है.

तब सफल नहीं हो पाती दुश्मन की चाल

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक जिस किसी की कुंडली (Horoscope) में शनि की महादशा चल रही है वह शनिवार को थोड़ा सा सुरमा या काजल एक डिब्बी में रख उसे शनि दोष (Shani Dosha) से पीड़ित व्यक्ति के सिर से पैर तक नौ बार घुमाये, फिर उस डिब्बी को सुनसान जगह पर जमीन में गाड़ दे. ऐसा करने से शनि के अशुभ (Ominous) प्रभाव में कमी आ जाती है. दुश्मन की नजर लगने से काम नहीं बन रहा है तो चांदी निर्मित पांच छोटे सांप को 21 दिन तक काजल लगा बिस्तर के नीचे रख देने से दुश्मन की चाल सफल नहीं हो पाती है. घर परिवार में किसी के विवाह (Marriage) में बाधा आ रही है, बात अटक जा रही है, तो काजल का यह टोटका असरकारक हो सकता है. सुनसान भूमि को लकड़ी से खोदकर उसमें नीले रंग के फूल के साथ काजल की डली लगातार पांच शनिवार को दबा देने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर हो जाती हैं.

नकारात्मक ऊर्जा का तब हो जाता है नाश

घर पर किसी की बुरी नजर (Evil Eye) लग गयी है, सुख-शांति छिन गयी है, परिवार में बिना बात के विवाद होता रहता है तो शनिवार को सुबह-सुबह जटा वाला नारियल काले कपड़े में लपेट, काजल की 21 बिंदी लगा घर के बाहर लटका देने से नकारात्मक ऊर्जा (Negative Energy) का नाश हो जाता है. ऐसी ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती है. ज्योतिष शास्त्र एक अन्य उपाय भी बताता है. उसके मुताबिक शनिवार के दिन शनि मंदिर (Shani Mandir) में काजल का दान करें, इससे शनि की साढ़े साती (Saturn’s Sade Sati) और शनि के ढैय्या (Shani’s Dhaiyya) के अशुभ प्रभाव कम हो जाते हैं. इसी तरह व्यापार और नौकरी में तरक्की में अड़चनें आ रही हैं, मेहनत के बाद भी शुभ परिणाम नहीं मिल रहा है, तो शनिवार के दिन काजल की डली लेकर ऐसी जगह जमीन में गाड़ दें जहां कोई आता-जाता न हो तो इससे शनि, राहु, केतु के अशुभ फल (Inauspicious Results) का असर नहीं पड़ता है.

(यह आस्था और विश्वास की बात है. मानना और न मानना आप पर निर्भर है.)

#Tapmanlive