तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

वार्षिक राशिफल 2026 : वृश्चिक… बड़े बदलाव का योग…मिलेगा समर्पण का फल

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए साल 2026 आत्मबल, नियंत्रण और निजी जीवन में बड़े बदलाव का योग लिये हुए है. करियर-कारोबार, धन-संपत्ति, दांपत्य जीवन, प्रेम संबंध आदि मामलों में प्रयास और समर्पण का फल अवश्य प्राप्त होगा.

तापमान लाइव ब्यूरो
12 जनवरी 2026

New Delhi: वृश्चिक राशि (Scorpio) के जातक दृढ़ इच्छाशक्ति वाले अंतर्मुखी, असाधारण समझ व प्रतिभा तथा गहन भावनाओं के स्वामी होते हैं. स्वभाव से प्रेम के भूखे और भावुक होते हैं. आत्मकेन्द्रित, बहादुर और वफादार तो होते हैं, पर इनका विश्वास दूसरे किसी पर नहीं जमता है. इस कारण सब कुछ खुद करना चाहते हैं. सबसे बड़ी बात यह कि ऊपर से शांत अवश्य दिखते हैं. पर, प्रतिशोध की भावना कंठ तक भरी रहती है. भविष्यफल (Predictions) की बात करें, तो इस राशि के लोगों के लिए वर्ष 2026 उम्मीदों से भरा रहेगा. आत्मपरिवर्तन और नयी दिशा देने वाला साल साबित होगा. वैसे, साल की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रहेगी.

प्रयास व समर्पण का फल

ज्योतिष शास्त्र (Astrology) के मुताबिक वृश्चिक राशि के जातकों के लिए साल 2026 आत्मबल, नियंत्रण और निजी जीवन में बड़े बदलाव का योग लिये हुए है. करियर-कारोबार, धन-संपत्ति, दांपत्य जीवन, प्रेम संबंध आदि मामलों में प्रयास और समर्पण का फल अवश्य प्राप्त होगा. मंगल और केतु के प्रभाव से इस राशि के जातक ऊर्जावान और सक्रिय रहेंगे, निर्णय-क्षमता बढ़ेगी. गुरु और शनि का प्रभाव परिस्थितियों को अनुकूल बनाने एवं दीर्घकालिक सफलता का मार्ग दिखायेगा. संघर्ष और निर्माण दोनों का मिश्रित स्वरूप लिये रहेगा यह साल.

करियर में स्थायित्व

करियर (Career) और कारोबार (Business) की दृष्टि से वर्ष 2026 प्रयास और परिश्रम आधारित उपलब्धियों का साल साबित हो सकता है. ज्योतिष शास्त्र बताता है कि करियर में स्थायित्व मिलेगा. इस साल नौकरी या विभाग में बदलाव, नयी जिम्मेदारी मिलने के योग हैं. अनेक क्षेत्रों में अच्छे अवसर मिल सकते हैं. शनि का प्रभाव कठिन परिश्रम करवायेगा, लेकिन दीर्घकालिक सफलता भी देगा. वरिष्ठों का सहयोग और कार्यों में कामयाबी मिल सकती है. पर, जल्दबाजी से बचना होगा. कारोबार के मामले में यह वर्ष मिलाजुला रहेगा. आर्थिक लाभ मिलेगा. परन्तु, कई चुनौतियों से भी सामना करना पड़ेगा. साझेदारी (Partnership) के कारोबार में सतर्कता बरतने की जरूरत होगी. निरंतर प्रयास का लाभ अवश्य मिलेगा.

परखना आवश्यक

वर्ष 2026 वृश्चिक राशि वालों के प्रेम संबंध (Love Affair) और वैवाहिक जीवन (Married Life) में भावनात्मक चुनौतियां पैदा कर सकता है. दांपत्य जीवन में शब्दों और आपसी व्यवहार में नियंत्रण रखें, गलतफहमी (Misunderstanding) से बचें. अहंकार को हावी न होने दें, अन्यथा मतभेद उत्पन्न हो सकता है. संवाद, धैर्य और संतुलित व्यवहार तनाव गहराने नहीं देगा. प्रेम संबंधों को परखना जरूरी होगा. भावुकता में बहने से बचना होगा. ईर्ष्या, अविश्वास और संदेह समस्याएं पैदा कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें :

वार्षिक राशिफल 2026 : तुला… खुलेंगे किस्मत के द्वार, मिलेगा मनचाहा लाभ!

रखना होगा सेहत पर ध्यान

सेहत (Health) की दृष्टि से वर्ष 2026 थोड़ा कमजोर रह सकता है. इस कारण संयम और सावधानी बरतने की जरूरत होगी. संतुलित जीवन शैली अपनानी होगी. मंगल का प्रभाव ऊर्जा तो देगा, पर चोट-दुर्घटना, रक्तचाप जैसी समस्याएं भी उत्पन्न कर दे सकता है. घर-परिवार की परिस्थितियां मानसिक तनाव दे सकती हैं. योग (Yoga) और ध्यान (Meditation) जरूरी है. छात्रों के लिए यह साल अनुशासनबद्ध मेहनत का है. भावनात्मक मुद्दों को लेकर पढ़ाई-लिखाई से ध्यान भटक सकता है. निरंतर प्रयास से प्रतियोगिता परीक्षाओं (Competitive Exams) में सफलता हासिल हो सकती है.

(यह आस्था और विश्वास की बात है. मानना और न मानना आप पर निर्भर है.)

***

#Tapmanlive