तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

सीतामढ़ी जिला परिषद : चलेगा फिर इन्हीं का सिक्का!

महत्वपूर्ण बात यह कि चुनाव के बाद के दिनों में श्रीनारायण सिंह ने जिला परिषद के तमाम सदस्यों का समर्थन और विश्वास हासिल कर वहां की राजनीति को अपने अनुकूल बना लिया. विकास योजनाओं के आवंटन में भेदभाव न कर एकरूपता बरतने से जिला पार्षदों में कोई असंतोष नहीं दिख रहा है.

मदनमोहन ठाकुर
24 जनवरी 2026

Sitamarhi: बड़े समाजसेवी की पहचान रखने वाले श्रीनारायण सिंह की सीतामढ़ी जिला, विशेषकर रून्नीसैदपुर (Runnisaidpur) प्रखंड की राजनीति में उल्लेख करने जैसी मौजूदगी पहले भी थी. राजनीतिक गतिविधियों को सुर्खियां भी मिलती रहती थी. परन्तु, उनके व्यक्तित्व और जनता पर मजबूत पकड़ की धमक संभवतः पहली बार 2021 के पंचायत चुनाव में दिखी. एक बार नहीं, लगातार दो बार. पहले सीतामढ़ी जिला परिषद (Sitamarhi District Board) के चुनाव में पत्नी संझा देवी (Sanjha Devi) की धमाकेदार जीत के रूप में और फिर जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर अदिति कुमारी और उपाध्यक्ष पद पर पत्नी संझा देवी को काबिज कराने की रणनीतिक कामयाबी के रूप में. तमाम समीकरणों को ध्वस्त कर श्रीनाराण सिंह ने जिस ढ़ंग से जिला परिषद की राजनीति में अपना सिक्का जमा लिया, उसे देख-सुन लोग दंग रह गये.

बन गये राजनीति के मजबूत कोण

वह तो अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए सुरक्षित था. वैसा नहीं होता तो उस पद पर संझा देवी काबिज रहतीं. उपाध्यक्ष कोई और होती. खैर, उस चुनाव की सफलता का फायदा उन्हें इस रूप में भी मिला कि जिले की राजनीति (Politics) का वह भी एक मजबूत व महत्वपूर्ण कोण बन गये हैं. दृष्टांत अनेक हैं. कुछ ही दिनों पूर्व मकर संक्रांति (Makar Sankranti) के उपलक्ष्य में तिलकताजपुर (Tilaktajpur) स्थित उनके पैतृक आवास पर 11 जनवरी 2026 को आयोजित दही-चूड़ा के भोज (Dahi-Chuda Bhoj) में बड़े नेताओं की जिस ढंग की उपस्थिति हुई उससे क्षेत्रीय राजनीति में श्रीनारायण सिंह की साख और अधिक जम गयी है. सीतामढ़ी के सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर (Devesh Chandra Thakur) समेत एनडीए (NDA) के तमाम विधायकों और अन्य नेताओं की मौजूदगी से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी विस्तार मिला है.

रणनीति भेद नहीं पाए

बात 2021 के चुनाव की, तो संझा देवी ने जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र संख्या-10 रून्नीसैदपुर में बड़ी जीत हासिल की थी. किसी और को नहीं, सीतामढ़ी जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष इंद्राणी देवी (Indrani Devi) को उन्होंने शिकस्त दी थी. चर्चित राजनीतिक घराने की इंद्राणी देवी का जुड़ाव राजद (RJD) से रहा है. उनकी हार से सीतामढ़ी चकित रह गयी. संझा देवी के पति श्रीनारायण सिंह खासे चर्चा में आ गये. इससे भी बड़ी बात यह हुई कि जिला परिषद के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में संझा देवी का मुकाबला रेखा कुमारी (Rekha Kumari) से हुआ. रेखा कुमारी सीतामढ़ी शहर के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ (Famous Pediatrician) डा. मनोज (Dr. Manoj) की पत्नी हैं. अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, दोनों पदों पर जीत के लिए श्रीनारायण सिंह ने जो रणनीति बनायी थी, डा. मनोज उसको भेद नहीं पाये.

उपचुनाव में हुई इनकी जीत

रेखा कुमारी मात खा गयीं. संझा देवी की उस अकल्पित जीत से भी लोग अचंभित रह गये. हालांकि, इस हार से रेखा कुमारी की किस्मत ऐसी चमक गयी कि अप्रैल 2023 में सीतामढ़ी-शिवहर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र (Sitamarhi-Sheohar Local Authority Area) से विधान पार्षद निर्वाचित हो गयीं. रेखा कुमारी जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र संख्या-18 से निर्वाचित हुई थीं. उनके विधान पार्षद (MLC) बन जाने के बाद हुए उपचुनाव में बाजी पूजा देवी (Puja Devi) के हाथ लग गयी, जो बखरी पंचायत के धुमहा गांव की रहने वाली हैं. उनके भाई रतन कुमार (Ratan Kumar) बथनाहा (Bathnaha) के प्रखंड प्रमुख (Prakhand Pramukh) हैं. इसी प्रखंड के घोघराहा गांव के रहनेवाले हैं.

यह भी पढ़ें :

देवेश बनाम विमल : गिर गयी गाज… रखा नहीं तनिक भी ख्याल!

कार्य आवंटन में भेदभाव नहीं

सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि चुनाव के बाद के दिनों में श्रीनारायण सिंह ने जिला परिषद के तमाम सदस्यों का समर्थन और विश्वास हासिल कर वहां की राजनीति को अपने अनुकूल बना लिया. विकास योजनाओं (Development Plans) के आवंटन में भेदभाव न कर एकरूपता बरतने से जिला पार्षदों में कोई असंतोष नहीं दिख रहा है. सभी 38 जिला पार्षदों के क्षेत्र में विकास के खूब काम हुए हैं और हो रहे हैं. उपाध्यक्ष संझा देवी के निर्वाचन क्षेत्र संख्या-10 रून्नीसैदपुर में भी कई योजनाएं कार्यान्वित हुई हैं. मसलन खड़का पंचायत (Khadka Panchayat) के महादलित टोला में बाढ़ आश्रय स्थल, तिलकताजपुर पंचायत के अतिपिछड़ा टोला में बाढ़ आश्रय स्थल एवं इसी पंचायत में छठ घाट का निर्माण कराया गया है. हनुमान मंदिर के निकट यात्री शेड बनवाया गया है.

गति मिल रही विकास कार्यों को

इसी प्रकार बगाही रामनगर पंचायत (Bagahi Ramnagar Panchayat) के बड़ाडीह चौक पर यात्री शेड, अथरी पंचायत में हाई स्कूल के समीप यात्री शेड, इसी पंचायत में शवदाह गृह, सार्वजनिक शौचालय का निर्माण हुआ है. रून्नीसैदपुर दक्षिणी पंचायत में दुग्ध उत्पादन केन्द्र के निकट सार्वजनिक शौचालय, मझौल पंचायत (Majhaul Panchayat) में सार्वजनिक शौचालय, इसी पंचायत के सहनी टोला में भी सार्वजनिक शौचालय, महेशा फरकपुर पंचायत (Mahesha Farakpur Panchayat) में शवदाह गृह का निर्माण उल्लेखनीय है. आमलोग तो प्रशंसा करते ही हैं, निर्वाचन क्षेत्र संख्या-11 की जिला पार्षद रूबी कुमारी (Ruby Kumari) के पति ओम भारती (Om Bharti) और निर्वाचन क्षेत्र संख्या- 29 बाजपट्टी के जिला पार्षद प्रवीण कुमार गुड्डू (Praveen Kumar Guddu) भी कहते हैं कि जिला परिषद के वर्तमान कार्यकाल में विकास के कार्यों को काफी गति मिल रही है. ऐसा पहली बार हो रहा है.

(मदनमोहन ठाकुर वरिष्ठ पत्रकार हैं)

***

#Tapmanlive