तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

बात-बेबात : मुंह खुला तो… देर तक खुला ही रह गया!

आचार्य किशोर
25 फरवरी 2026

Patna : यह सुनने में अटपटा लग सकता है कि अज्ञानता या अज्ञानी न रहने के बावजूद अज्ञानी बने रहना भी एक तरह की कला ही है. यह भी कि आज के जमाने में लोग अफवाह उड़ाकर कैसे किसी भले आदमी की जिंदगी खराब कर सकते हैं. यह तो पता ही होगा कि भाजपा (BJP) के बड़े पदधारक को भी पता नहीं था कि उन्हें इतनी बड़ी जवाबदेही मिलने जा रही है. जब यह घोषणा हुई तो पार्टी का बड़ा से लेकर छोटे नेताओं का जो मुंह खुला वह बहुत देर तक खुला ही रह गया. कुछ लोगों ने अपने से खुला मुंह बंद किया तो कई लोगों के परिजनों ने यह काम किया. परिजनों को लग रहा था कि ज्यादा देर मुंह खुला रहा तो कहीं इसी रास्ते प्राण-पखेरू न बाहर निकल जायें.

अफवाह फैला दी दुष्टों ने

खैर, न चाहते हुए भी सबको यह विधि का विधान स्वीकार करना पड़ा. टेम्पररी से वह परमानेंट भी हो गये. लेकिन, विरोधियों की हरकत कम नहीं हुई. सब इस बात से सहमत थे कि लो प्रोफाइल (Low Profile) से ही इन्हें तरक्की मिली है. इसी बीच दुष्टों ने यह अफवाह फैला दी कि इन्हें जो समझ कर बड़ा पद दिया गया है, ये ऐसे नहीं हैं. भले ही एकेडमिक डिग्री कमजोर हो, बाकी ज्ञान के मामले में कोई कमी नहीं है. इस अफवाह से वे लोग परेशान हुए, जिन्होंने लो प्रोफाइल के नाम पर इनके चयन को वरीयता दी थी. ये सब चिंता में डूबने-इतराने लगे. देखा यह जाने लगा कि कहीं सचमुच चयन में कोई चूक तो नहीं हो गयी.

मुनासिब नहीं समझा

यह सूचना बड़े पदधारक के पास भी पहुंची कि अफवाह फैलाने वाले लोग सक्रिय हो गये हैं. उन्हें ज्ञानी बता कर दुष्प्रचार किया जा रहा है. सचमुच, यह चिंता की बात थी. सलाहकारों ने कहा कि यही मौका है कि अज्ञानता का प्रदर्शन कर ही दीजिये. उन्होंने मौका गंवाना मुनासिब नहीं समझा. पश्चिम बंगाल (West Bangal) की सभा में जब उन्होंने कहा कि गुरुदेव को नोबेल शांति पुरस्कार मिला था, उन्हें शीर्ष पद के लिए चयनित करने वाली टीम मारे खुशी के लोट-पोट करने लगी थी. सब एक-दूसरे को बधाइयां दे रहे थे. कह रहे थे कि देखो, कितना परफेक्ट सेलेक्शन है.

यह भी पढ़ें :

बात-बेबात : माल तो गायब हुआ ही… महिला भी गायब हो गयी!

सजा भी मिलेगी

दूसरे ही दिन जनहित में अलिखित सूचना जारी हुई कि अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहें. ऐसे लोग देश के दुश्मन हैं. दूसरी ओर उन बदमाशों की भी खोज हो रही है, जो दबी जुबान से यह कह रहे थे बंदा ज्ञानी है. भरोसा कीजिये, दुष्प्रचार करने वाले दुष्ट जल्दी धरे जायेंगे. उन्हें कड़ी से कड़ी सजा भी मिलेगी.

***

#Tapmanlive