तापमान लाइव | Tapmanlive

न्यूज़ पोर्टल | Hindi News Portal

बहेड़ी थाना : तब तक नहीं तोड़ेंगे भ्रष्टाचार के खिलाफ अनशन…

तापमान लाइव ब्यूरो
18 जुलाई 2026

Darbhanga: बहेड़ी थाना क्षेत्र में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार, अवैध वसूली (Illegal Extortion) और आम जनता के उत्पीड़न (Harassment of the General Public) के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब उग्र रूप ले चुका है. सामाजिक कार्यकर्ता (Social activist) रवीन्द्रनाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह का दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के समीप आमरण अनशन शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा. अनशन का 120 घंटे से अधिक का समय हो चुका है. इस दौरान जिला प्रशासन (District Administration) की ओर से कोई वरिष्ठ पदाधिकारी अनशन स्थल पर नहीं पहुंचा है. शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बहादुरपुर की मेडिकल टीम ने अनशन स्थल पर पहुंच अनशनकारी रवीन्द्रनाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह के स्वास्थ्य की जांच की. स्थिति सामान्य पायी गयी. लेकिन, अनशनकारी को पीने के लिए पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी गयी है.

थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप

रवीन्द्रनाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने शपथ पत्र (Affidavit) देकर बहेड़ी के थानाध्यक्ष (SHO Baheri) सूरज गुप्ता और अवर निरीक्षक रौशन कुमार पर गंभीर आरोप लगाये हैं. आरोप है कि थाने में पीड़ितों की शिकायतें दबा दी जाती हैं, संज्ञेय अपराधों में प्राथमिकी दर्ज करने में जानबूझकर विलंब किया जाता है, सरकारी काम के नाम पर अवैध वसूली होती है तथा आपराधिक तत्वों को संरक्षण दिया जाता है. इस बीच मिथिला विकास संगठन (Mithila Development Organization) के संस्थापक विकास फूल के मुताबिक शनिवार को दरभंगा की ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी अनशन स्थल पहुंचे और निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराने का प्रयास किया. इसके बाद उनके कार्यालय में सार्थक वार्ता भी हुई मगर साक्षी कुमारी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकीं. फलतः अनशन चलता रहा.

यह भी पढ़ें :

Sitamarhi : नहीं चाहिये सीतापुरम प्रोजेक्ट… नगर विकास मंत्री से मिला शिष्टमंडल

मिथिला की अस्मिता की लड़ाई

समाजसेवी कालीचरण यादव का कहना रहा कि यह अब किसी एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं है. पूरे दरभंगा और मिथिला (Mithila) की अस्मिता की लड़ाई है. जब तक बहेड़ी थाने में बैठे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, मिथिला की जनता चुप नहीं बैठेगी. उन्हें केवल आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए. रवीन्द्रनाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने स्पष्ट किया कि बहेड़ी के थानाध्यक्ष के निलंबन, सभी मांगों पर जांच और तदनुरूप कार्रवाई नहीं होने तक उनका अनशन जारी रहेगा. उनका कहना रहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत द्वेष से नहीं है. इसका उद्देश्य आम जनता को समय पर न्याय दिलाना, थाना में पारदर्शिता लाना और पुलिस व्यवस्था में सुधार करना है.

***

#TapmanLive