Bihar Politics : विघटित हो गयी भूंजा पार्टी!

विशेष प्रतिनिधि
24 दिसम्बर 2025
PATNA : विधानसभा का चुनाव (Assembly Election) समाप्त हो गया है. हार और जीत की विवेचना हो रही है. कुछ पार्टियों के बारे में यह अनुमान किया जा रहा है कि खराब चुनाव परिणाम (Election Result) के कारण उसकी कमर इस हद तक टूट गयी है कि वह फिर उठ नहीं पाये. खैर, किसी राजनीतिक दल (Poltical Party) के बारे में हार के आधार पर उसके समाप्त होने की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है. लेकिन, इन दिनों राजनीति के बाजार में भूंजा पार्टी के विघटन की चर्चा जोरों से चल रही है. इस पार्टी की स्थापना कथित रूप से नीतीश कुमार ने अपने दरबार में और अपनी अध्यक्षता में की थी. पार्टी में अधिक पदधारक नहीं रखे गये थे. गिन कर और गूंथ कर कुल चार सदस्य बनाये गये थे.
उठाना या गिराना
पार्टी की नियमित बैठक शाम में होती थी. बैठक के लिए नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के दरबार को ही स्थायी ठिकाने के तौर पर रखा गया था. बैठक का एजेंडा भी तय था. रोज किसी को उठाना या गिराना. यह काम वर्षों तक चला और बखूबी चलता रहा. नयी सूचना यह आ रही है कि भूंजा पार्टी अब विघटित हो गयी है. इसकी जानकारी एक मेंबर के फेसबुक (Facebook) के जरिये बाहर आयी. जानकारी यह कि मेंबर हर शाम किसी न किसी समय किसी समारोह में शामिल हो रहे हैं, जो समय भूंजा पार्टी (Bhunja Party) की रोजाना बैठक के लिए बहुत पहले निर्धारित कर दी गयी थी.
यह भी पढ़ें :
संदर्भ विधानसभा चुनाव : लरिका ठाकुर, बूढ़ दीवान…
बड़ा बदलाव भी हुआ
मतलब यह कि एक मेंबर पार्टी की बैठक में शामिल नहीं हो रहे थे. फिर दूसरे, तीसरे और चौथे मेंबर की गतिविधियों की पड़ताल की गयी. वही परिणाम निकला. इस बीच बड़ा बदलाव भी हुआ. दो मेंबर की राष्ट्रीय राजनीति (National Politics) में सक्रियता बढ़ी. लेकिन, ये जब कभी पटना में रहते तो बैठक में इनकी हाजिरी नियमित होती थी. जांच-पड़ताल करने पर यह बात भी सामने आयी कि ये दोनों भी पटना में रहने पर भी बैठक के लिए निर्धारित समय पर नीतीश कुमार के दरबार से कहीं दूर नजर आ रहे हैं. बच गये एक. उनके बारे में भी यही बताया गया कि जरूरत पड़ने पर ही बुलाये जा रहे हैं.
टूट रहा सिलसिला
एक और दृश्य सामने आया. कुछ साल पहले तक नीतीश कुमार किसी समारोह में जाते थे तो भूंजा पार्टी के कम से कम दो सदस्य जरूर साथ रहते थे. यह सिलसिला भी टूटता नजर आ रहा है. कई सरकारी समारोहों में नीतीश कुमार भूंजा पार्टी के किसी मेंबर के बिना भी देखे जा रहे हैं. कभी-कभी भूंजा पार्टी के केवल एक मेंबर को उनके साथ देखा जाता है. देखिये, वह कब तक देखे जायेंगे.
***

