फंस गये तेजस्वी… विदेश भ्रमण में कुख्यात भी है साथ!

विष्णुकांत मिश्र
24 दिसम्बर 2025
Patna : याद कीजिये, एक झटके में पार्टी और परिवार से निकाल दिये गये तेजप्रताप यादव (Tejpratap Yadav) ने 23 जून 2025 को खुले तौर पर कहा था कि उनकी जान पर खतरा है. जिन चार-पांच लोगों ने उन्हें पार्टी व परिवार से निकलवाया है, वे उनकी हत्या भी करा सकते हैं. तेजप्रताप यादव ने किसी का नाम नहीं लिया, पर बाद के दिनों में अंदरखाने की जो बातों बाहर आयीं उससे लगता है कि उनका भय संभवतः इसी पर आधारित था. खासकर लालू-राबड़ी आवास में वर्षों से जमे उस संदिग्ध शख्स पर जिसके खिलाफ उत्तरप्रदेश (Uttar Pradesh) में कथित रूप से हत्या और हत्या के प्रयास समेत संज्ञेय अपराध (Crime) के तकरीबन 12 मामले दर्ज हैं. एकाध मामले में वह जेल (Jail) की हवा भी खा चुका है.
नहीं जान पाते तब इस शातिर को
विधानसभा के चुनाव (Assembly Elections) में राजद की दुर्गति नहीं होती, मुख्यमंत्री (Chief Minister) बनने का तेजस्वी प्रसाद यादव का ख्वाब खंडित नहीं होता, तो बिहार (Bihar) के लोग शायद इस शातिर दिमागी शख्स को और इसके कारनामों को नहीं जान पाते. चुनाव में शर्मनाक हार के संदर्भ में रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने राजद (RJD) के राज्यसभा सदस्य संजय यादव (Sanjay Yadav) के साथ इस कुख्यात का भी नाम लिया तो उसकी करतूतें जान-सुन लोग सन्न रह गये. हैरानी उसके लालू-राबड़ी के सरकारी आवास में लंबे समय से कुंडली जमाये रहने पर तो हुई ही, इधर तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejaswi Prasad Yadav) के सपिरवार विदेश भ्रमण में भी उसके साथ रहने की खबर से लोग चकित हैं.
नहीं मिला माता-पिता का संस्कार
उस शातिर का नाम है रमीज नेमत खान (Rameej Nemat Khan). वह उत्तरप्रदेश के बलरामपुर (अब श्रावस्ती) जिले के तुलसीपुर (Tulsipur) का रहने वाला है. संजय यादव की तरह तेजस्वी प्रसाद यादव से इसकी भी दोस्ती क्रिकेट (Cricket) के मैदान में हुई थी. मीडिया में जो बातें आयी हैं उसके मुताबिक रमीज नेमत खान के पिता नियमतुल्लाह खान (Niyamatullah Khan) जामिया मिलिया इस्लामिया (Jamia Millia Islamia) में प्राध्यापक हैं. मां जामिया मिलिया स्कूल में प्राध्यापिका हैं. लेकिन, रमीज नेमत खान को सुशिक्षित माता-पिता का संस्कार नहीं मिला. उत्तरप्रदेश के बाहुबली छवि के पूर्व सांसद रिजवान जहीर (Rizwan Zaheer) की पुत्री जेबा रिजवान (Zeba Rizwan) से शादी के बाद उसमें भारी भटकाव आ गया. कभी सपा (Samajwadi Party) तो कभी बसपा (BSP) से जुड़े रहे रिजवान जहीर बलरामपुर (Balarampur) से सांसद और तुलसीपुर से विधायक रहे हैं. फिलहाल हत्या के एक मामले में जेल में बंद हैं.

पत्नी भी है राजनीति में
रमीज नेमत खान की पत्नी जेबा रिजवान (Zeba Rijwan ) भी राजनीति में सक्रिय हैं. जेल में रहते तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ी हैं. किस्मत उनकी रूठी रह गयी. पुलिस का रिकार्ड बताता है कि ससुर रिजवान जहीर की तरह रमीज नेमत खान का भी लंबा आपराधिक इतिहास (Criminal History) है, जो 2021 में तुलसीपुर में जिला पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा और बलवा से शुरू होता है. उसी क्रम में 04 जनवरी 2022 को तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष फिरोज उर्फ पप्पू की हत्या हो गयी. मुख्य साजिशकर्ता के रूप में रमीज नेमत खान को आरोपित किया गया. पूर्व सांसद रिजवान जहीर और जेबा रिजवान को भी. तीनों की गिरफ्तारी हुई.
एक ‘दिमाग’ है तो दूसरा ‘आंख-कान’
एक साल बाद 2023 में कौशाम्बी जिले में प्रतापगढ़ (Pratapgrah) के ठेकेदार शकील अहमद (Shakeel Ahmad) की हत्या में भी रमीज नेमत खान आरोपित हुआ. जानकार बताते हैं कि राजद सांसद संजय यादव का जुड़ाव पहले रिजवान जहीर से था. उसी दरम्यान रमीज नेमत खान से उनकी निकटता कायम हुई. फिर दोनों तेजस्वी प्रसाद यादव के करीब हो गये. संजय यादव ‘दिमाग’ और रमीज नेमत खान ‘आंख-कान’ बन तेजस्वी प्रसाद यादव की राजनीति हांकने लग गये. दोनों की सक्रियता बढ़ी तब पार्टी और परिवार के दूसरे प्रभावशाली लोग ‘मूकदर्शक’ की भूमिका में आ गये. पहले तेजप्रताप यादव और फिर रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने इसके खिलाफ मुंह खोला तो उन दोनों के साथ कैसा सलूक हुआ, यह बताने की शायद जरूरत नहीं.
यह भी पढ़ें :
Bihar Politics : विघटित हो गयी भूंजा पार्टी!
पुलिस रखे नजर
बहरहाल, जदयू (JDU) के मुख्य प्रवक्ता विधान पार्षद नीरज कुमार (Mlc Neeraj Kumar) ने बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार (DGP Vinay Kumar) को पत्र लिखकर आशंका जताई है कि तेजस्वी प्रसाद यादव विदेश यात्रा के दौरान एक नहीं, दो हिस्ट्रीशीटरों के साथ घूम रहे हैं. नीरज कुमार ने पत्र में मीडिया रिपोट्स का हवाला देते हुए कहा है कि तेजस्वी प्रसाद यादव कुख्यात अपराधी रमीज नेमत खान के साथ विदेश भ्रमण पर गये हैं. उन्हें आशंका है कि मोतिहारी (Motihari) विधानसभा क्षेत्र से राजद के प्रत्याशी रहे देवा गुप्ता (Deva Gupta) भी इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं. देवा गुप्ता पर 28 संज्ञेय आपराधिक मामले दर्ज हैं और 01 लाख रूपये का इनाम घोषित है. पुलिस को इस पर नजर रखने की जरूरत है.
***


