मकर संक्रांति 2026 : चुकना नहीं है… वर्षों बाद बन रहा महासंयोग

तापमान लाइव ब्यूरो
31 दिसम्बर 2025
New Delhi : मकर संक्रांति 14 जनवरी 2026 को है. 14 जनवरी के सूर्य (Surya) और शनि (Shani) के मिलन का दिन होने के कारण सनातन धर्म (Sanatan Dharma) में इस पर्व का विशेष महत्व है. उस दिन ग्रहों के राजा सूर्य धनु राशि से निकलकर शनि की राशि में प्रवेश करते हैं. तब मकर संक्रांति (Makar Sankranti) मनायी जाती है. सनातनी व्यवस्था के अनुसार वर्ष दो भागों में बंटा होता है. उत्तरायण (Uttarayan) और दक्षिणायन (Dakshinayan) के रूप में. मकर संक्रांति के दिन सूर्य धनु राशि को त्याग मकर राशि में प्रवेश करते हैं तो उसे सूर्य का उत्तरायण होना कहा जाता है. वर्ष के उसके पहले का भाग दक्षिणायन कहलाता है. धार्मिक दृष्टिकोण से सूर्य का उत्तरायण काल ‘देवताओं का दिन’ माना जाता है. जबकि दक्षिणायन को ‘देवताओं की रात’ कहा जाता है. मकर संक्रांति भगवान सूर्य के दक्षिणायन से उत्तरायण होने का पर्व है.
है बहुत खास महत्व
धर्म और ज्योतिष (Religion and Astrology), दोनों नजरिये से इस बार मकर संक्रांति का बहुत खास महत्व है. इसलिए कि उस दिन एकादशी भी है. मकर संक्रांति पर यह महासंयोग 23 साल बाद बना है. इससे पहले 2003 में मकर संक्रांति और एकादशी एक साथ थी. मकर संक्रांति और षटतिला एकादशी दोनों का तिल से गहरा संबंध है. इस बार मकर संक्रांति के दिन दो शुभ योग बनने वाले हैं. उस दिन सर्वार्थ सिद्धि (Sarvaarth Siddhi) और अमृत सिद्धि (Amrit Siddhi) योग सुबह 07ः15 बजे से शुरू होगा जो अगले दिन तड़के 03ः03 बजे तक रहेगा. सर्वार्थ सिद्धि योग में किया गया स्नान और दान पुण्य फलदायी होगा. मकर संक्रांति का पुण्यकाल 02 घंटे 32 मिनट का रहेगा जो दोपहर में 03ः13 मिनट पर शुरू होगा और शाम 05ः45 बजे तक मान्य होगा.
यह भी पढ़ें :
त्रिवेणी संगम : सज रहा प्रयागराज… बड़ा महत्व है माघ मेला का
इन राशियों को मिलेगा लाभ
मकर संक्रांति के दिन स्नान और दान का बहुत महत्व है. ब्रह्म मुहूर्त (Brahm Muhoort) प्रातः काल 05ः27 बजे से 06ः21 बजे तक है. इस महापुण्य काल में स्नान करना शुभ माना जाता है. मकर संक्रांति पर ग्रहों की शुभ स्थिति से इन राशियों को लाभ मिल सकता है. वृषभ राशि : भौतिक सुख-सुविधा में वृद्धि होगी. कार्यस्थल पर नयी जिम्मेदारी मिल सकती है जो आर्थिक रूप से लाभदायक रहेगी. नयी योजना सफल होगी. धनु राशि : करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे. किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से राजनीति में साख जमेगी. शनि की शुभता प्राप्त होगी. मानसिक परेशानी से राहत मिलेगी. वृश्चिक राशि : कमाई में वृद्धि होगी. व्यापार बढ़ेगा. वाहन और संपत्ति खरीदने के योग बन रहे हैं. पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद मिलेगी.
***

