विश्व कप फुटबॉल 2026: एक की विदाई, दूसरे का विश्व कीर्तिमान

छह विश्वकप खेलने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो का सुनहरा सफर थम गया. उधर लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना को क्वार्टर फज्ञईनल में पहुंचाकर इतिहास के पन्नों में अपनी श्रेष्ठता फिर दर्ज करा दी.
रोमांचित कर दिया करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों को
बड़ी ट्राफी हाथ नहीं लगने की कसक साथ रह गयी
मेसी सिर्फ महान खिलाड़ी ही नहीं, मैच विजेता भी
फुटबॉल को नयी उंचाइयों तक पहुंचाया इन दोनों खिलाड़ियों ने
तापमान लाइव ब्यूरो
08 जुलाई 2026
New Delhi: फुटबॉल के खेल में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो सिर्फ एक मैच का नतीजा नहीं देते, बल्कि इतिहास बदल देते हैं, उसकी दिशा तय कर देते हैं. फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) में फुटबॉल प्रेमियों को ऐसा ही एक अद्भुत क्षण देखने को मिला. एक तरफ स्पेन (Spain) के खिलाफ मैच में पुर्तगाल (Portugal) की हार के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) की विश्व कप फुटबॉल (Football World Cup) की सुनहरी यात्रा पर पूर्ण विराम लग गया. दूसरी ओर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) ने हार के कगार पर खड़े अर्जेंटीना (Argentina) को चमत्कारिक जीत दिला कई नये कीर्तिमान गढ़ दिये. तकरीबन 20 वर्षों तक फुटबॉल (Football) की दुनिया पर राज करने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी की प्रतिद्वंद्विता ने करोड़ों प्रशंसकों को रोमांचित किया. क्लब फुटबॉल से लेकर अंतर्राष्ट्रीय मंचों तक दोनों ने एक-दूसरे को लगातार चुनौती दी. लेकिन विश्व कप के मंच पर दोनों की विरासत अब अलग-अलग मुकाम पर है.
रोनाल्डो के रिकार्ड
41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए यह विश्व कप अंतिम था. स्पेन के खिलाफ हार के साथ पुर्तगाल का सफर समाप्त हो गया. इसी के साथ विश्व कप में रोनाल्डो का अध्याय भी खत्म हो गया. छह विश्व कप खेलने वाले रोनाल्डो ने कई व्यक्तिगत रिकार्ड बनाये, लेकिन यह कसक रह ही गयी कि सबसे बड़ी ट्रॉफी उनके हाथ नहीं लग सकी. इसे उनके करियर का स्याह पक्ष माना जा सकता है. उधर, 39 वर्षीय लियोनेल मेसी ने फिर साबित किया कि आड़े वक्त पर बड़े खिलाड़ी ही काम आते हैं. मिस्र के खिलाफ मुकाबले में अर्जेंटीना (Argentina) दबाव में था, दो गोल से पिछड़ चुका था. लेकिन, मेसी ने अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से टीम को 03-02 से जीत दिला दी. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने विश्व कप इतिहास (World Cup History) में सर्वाधिक 21 गोल करने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया. लगातार नौ विश्व कप मैचों में गोल करने का रिकार्ड भी.
रूख बदलने का माद्दा
लियोनेल मेसी की सबसे बड़ी ताकत केवल उनके गोल नहीं हैं, बल्कि मैच का रुख बदलने की उनका माद्दा है. जब भी अर्जेंटीना संकट में घिरता है, मेसी टीम को नयी ऊर्जा दे उसे उससे उबार देते हैं. यही कारण है कि उन्हें सिर्फ महान खिलाड़ी (Great Player) नहीं, बल्कि मैच विजेता भी माना जाता है. रोनाल्डो और मेसी (Ronaldo and Messi) की तुलना वर्षों से होती रही है. रोनाल्डो अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और गोल करने की अद्भुत भूख के लिए जाने जाते हैं. मेसी अपनी रचनात्मकता, ड्रिब्लिंग, खेल को पढ़ने की क्षमता और टीम को साथ लेकर चलने की कला की वजह से पहचाने जाते हैं. दोनों ने फुटबॉल को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया, लेकिन विश्व कप की कहानी अब मेसी के पक्ष में अधिक मजबूत दिखाई देती है.
यह भी पढ़ें :
महानता पर सवाल नहीं
अर्जेंटीना इस विश्व कप का खिताब जीतने में सफल रहता है, तो मेसी की विरासत और विराट हो जायेगी. दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं होता है तब भी उन्होंने विश्व कप में जो इतिहास रच रखा है वह उन्हें महान खिलाड़ियों की सूची में सबसे ऊंचा स्थान दिलाता है. क्रिस्टियानो रोनाल्डो की विदाई भावुक जरूर बना देती है, लेकिन इससे उनकी महानता पर कोई सवाल नहीं उठता है. लियोनेल मेसी लगातार नये अध्याय लिख रहे हैं. फुटबॉल के इन दो महान सितारों ने एक युग को परिभाषित किया है. अब एक के विश्व कप का सफर समाप्त हो चुका है, दूसरा इतिहास रचने में जुटा है.

