Bihar Education : 211 प्रखंडों में खुल गये डिग्री कॉलेज

अतीश दीपंकर
15 जुलाई 2026
Bhagalpur: हर प्रखंड में स्नातक की शिक्षा (Graduate Education) व्यवस्था सुनिश्चित करने के राज्य सरकार के निर्णय के तहत बिहार के उन 211 प्रखंडों में बुधवार को विधिवत डिग्री कालेज खुल गये, जहां पहले से ऐसा कोई कालेज नहीं था. मुख्यमंत्री (Chief Minister) सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने भागलपुर जिले के गौराडीह प्रखंड के काशील खरवा गांव में ऐसे डिग्री कालेज (Degree College) का उद्घाटन किया. अन्य प्रखंडों में भी उद्घाटन हुआ. इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने नवस्थापित डिग्री कालेजों को मान्यता देने की प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने रोजगार (Employment), उद्योग (Industry) और महिला सशक्तीकरण (Women’s Empowerment) से संबंधित सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा की.
महिला सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा (Quality Education) उपलब्ध करा उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर होने से रोकना है. उनके मुताबिक राज्य में नये उद्योगों की स्थापना (Establishment of new industries) की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. महिला सशक्तीकरण को सरकारी की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 01 करोड़ 81 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सरकारी सहायता राशि भेजी जा चुकी है. उनकी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर 25 जुलाई 2026 को उन सभी पात्र महिलाओं के खातों में भी सहायता राशि भेज दी जायेगी जो अब तक इस योजना के लाभ से वंचित रही हैं.
यह भी पढ़ें :
उपचुनाव और भाजपा : बांकीपुर में फजीहत ! किसने डुबो दी पार्टी की प्रतिष्ठा ?
तीन प्रमुख मुद्दे
सम्राट चौधरी ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तीकरण सरकार के विकास एजेंडे के तीन प्रमुख मुद्दे हैं. लक्ष्य बिहार को आत्मनिर्भर (Self-Reliant), शिक्षित (Educated) और रोजगार संपन्न (Gainfully Employed) राज्य के रूप में विकसित करना है. कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे. डिग्री कालेज के उद्घाटन और 211 महाविद्यालयों को मान्यता की शुरुआत को बिहार में शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. लोगों की निगाहें अब सरकार की इन घोषणाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर जमी रहेंगी.
***

